गन्ने के बीज हेतु उधार दिए गए 1500 रुपए वापस मांगने पर पीटकर वृद्ध की हत्या हड़कंप
गोंडा। जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव विशुनपुर बैरिया में शुक्रवार सुबह 1500 रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि उधार के पैसे मांगने पर राम अनुज पांडे ने रमेश कोरी के सिर पर डंडे से हमला कर दिया।
गंभीर हालत में उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार रात उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार शाम घटना के 30 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गन्ने का बीज खरीदने के लिए 1500 रुपये मृतक ने उधार दिए थे।
बेटे राजमन कोरी ने बताया कि वह अपने पिता के साथ सालपुर बाजार जा रहे थे। बिशुनपुर बैरिया चौराहा डीहा के पास उन्होंने राम अनुज पाण्डेय से 1500 रुपए वापस मांगे थे। यह रकम गन्ने के बीज के लिए उधार दी गई थी। आरोप है कि राम अनुज ने न तो बीज दिया और न ही रकम वापस की।
परिजनों के मुताबिक पैसे मांगने पर राम अनुज पाण्डेय ने रमेश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद डंडे से उनके सिर पर हमला कर दिया। हमले में रमेश गंभीर रूप से घायल हो गए। बेटे ने उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
रमेश की मौत के बाद देहात कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। बिसरा सुरक्षित रखा गया है। मौत की सही वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।
देहात कोतवाली पुलिस ने शनिवार शाम राम अनुज पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल डंडा बरामद करने का दावा किया है। देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी राम अनुज पाण्डेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।