Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

खनन अधिकारी को लटकाकर दो किलोमीटर जेसीबी दौड़ाने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार



बालपुर गोंडा। जिले के करनैलगंज क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन रोकने गई जिला खनन अधिकारी की टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एजाज अहमद, वसीर खान उर्फ सोनू और फजलू रहमान के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक गत 31 जुलाई को बालपुर चौकी क्षेत्र के बटौरा बख्तावर गांव के पास अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर जिला खनन अधिकारी डॉ. अभय रंजन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। वहां एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अवैध खनन में लगी मिलीं। जब टीम ने खनन संबंधी दस्तावेज मांगे, तो कोई वैध अनुमति नहीं दिखाई जा सकी।

आरोप है कि जब टीम वाहनों को कब्जे में लेकर बालपुर चौकी ले जा रही थी, तभी आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए डॉ. अभय रंजन पर जेसीबी चढ़ाने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए अधिकारी जेसीबी के गेट को पकड़कर करीब दो किलोमीटर तक लटके रहे। बाद में उन्होंने किसी तरह जेसीबी को रुकवाकर अपने कब्जे में लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की। करनैलगंज कोतवाली पुलिस ने सोमवार शाम तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अवैध खनन, सरकारी कार्य में बाधा, गाली-गलौज और जान से मारने की नीयत से वाहन चढ़ाने सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।