पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Health

खण्ड खण्ड टूटी बरांव पीएचसी की चारदीवारी ढही मेन गेट गायब आवास बदहाल

✍️ Admin 📅 08 June, 2026 ⏰ 03:05 PM 👁 271 views

बालपुर गोंडा। बरांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की खण्ड खण्ड टूटी चारदीवारी ढहनी शुरू हो गई। इसका मेन गेट तोड़कर गायब कर दिया गया है। यहां डाक्टर, फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियन समेत स्वास्थ्य कर्मियों के लिए बने सभी आवास अत्यधिक जर्जर हो चुके हैं। इनमें लगे खिड़की दरवाजे सड़कर खराब हो चुके हैं। यहां पर बिजली कनेक्शन तक नहीं है। इस तरह से यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बदहाली का शिकार होकर रह गया है। मरम्मत व सफाई के अभाव में अस्पताल परिसर में बड़ी बड़ी झाड़ियां उग आई है। इसमें जहरीले कीड़े मकोड़े घूमते रहते हैं। यहां कबाड़ हो चुके स्वास्थ्यकर्मियों के आवास भवन दर्जनों जगह टूटी चारदीवारी व टूटे मुख्य गेट के चलते बरांव प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र 15 सालों में ही कबाड़खाने में तब्दील हो गया है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हलधरमऊ क्षेत्र का बरांव प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दुर्दशा का शिकार होकर रह गया है। यहां का मुख्य गेट टूटकर गायब हो चुका है। चारदीवारी दर्जनों स्थानों पर टूटी हुई है और ढहनी शुरू हो गई है। सफाई के अभाव में यहां बड़ी बड़ी झड़ियां उग आई है और इसमें जहरीले कीड़े मकोड़े विचरण करते रहते है। डाक्टर व फार्मासिस्ट समेत स्वास्थ्यकर्मियों के रहने के लिए बने सरकारी आवास भवन देखरेख व मरम्मत के अभाव में कबाड़खाने में तब्दील हो चुके है।यहां की पेयजल व्यवस्था ध्वस्त पड़ी हुई है। यहां बनी पानी की टंकी अस्पताल निर्माण के समय से ही कभी नहीं चल पाई। इसका मोटर पंप निर्माण के समय से ही खराब पड़ा हुआ है। यहां वाटर सप्लाई के लिये बिछाई गई गई पाइप लाइन सड़कर खराब हो चुकी है। यहां कोई इंडिया मार्का हैंड पंप भी नहीं है। शुद्ध पानी को लेकर यहां के स्वास्थ्य कर्मियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां का शौचालय इस्तेमाल करने के लायक नहीं है और गन्दगी की भरमार है। यहां विद्युत कनेक्शन न होने के चलते सब चौपट दिखाई पड़ा।

इस पीएचसी पर आवागमन के लिए रास्ता बहुत खराब है।इससे सभी को आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। यह अस्पताल लंबे समय से डाक्टर व फार्मासिस्ट विहीन चल रहा है। कम्युनिटी हेल्थ अधिकारी दिव्या कश्यप का यहां से करनैलगंज सीएचसी के लिए तबादला हो चुका है। यहां कार्यरत स्टाफ नर्स अनीता सिंह का हड़ियागाड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को तबादला किया जा चुका है। तभी से यह दोनों पद यहां खाली चल रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक डॉक्टर अवसाफ लारी, एएनएम नेहा गुप्ता, वार्ड बॉय धर्मेन्द्र तिवारी समेत 4 स्वास्थ्यकर्मी यहां कार्यरत हैं। एएनएम नेहा गुप्ता तीन महीने से प्रसूति अवकाश पर है। सोमवार को 11 बजे लैब सहायक नागेंद्र प्रसाद यहां मौजूद मिले अन्य तीन स्वास्थ्यकर्मी नदारद रहे। इनमें डॉक्टर अशफाक लारी पिछले कई सालों से गंभीर रूप से बीमार बताए गए और अस्पताल नहीं आ रहे हैं।

बरांव पीएचसी भवन में ही यहां का राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल संचालित हो रहा है। डाक्टर के पद पर कामेश्वर प्रसाद तिवारी व वार्डबॉय कृष्ण गोपाल श्रीवास्तव कार्यरत है। सोमवार को यह दोनों अस्पताल से गायब रहे। फोन से सम्पर्क करने पर डॉक्टर ने बताया कि वह करनैलगंज में तहसील दिवस में शामिल होने गए हुए हैं। वार्ड ब्वॉय की तीन दिन ड्यूटी पाल्हापुर चचरी में लगा दी गई है इसलिए वह यहां मात्र तीन दिन ही उपस्थित रहता है। यहां के सफाई कर्मी के लापता रहने से सफाई व्यवस्था चौपट होकर रह गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां का सफाई कर्मी कौन है वे उसको जानते पहचानते तक नहीं हैं। अस्पताल परिसर में बड़ी बड़ी घासें उगी हुई है और इसमें जहरीले कीड़े मकोड़े घूमते रहते है।इसके चलते यह अस्पताल भारी अव्यवस्था का शिकार है।

देखरेख व मरम्मत के अभाव में डाक्टर व फार्मासिस्ट समेत स्वास्थ्यकर्मियों के लिए बने आधा दर्जन सरकारी आवास भवन अत्यधिक जर्जर हो चुके है। इसके चारों ओर बड़ी बड़ी झड़ियां उगी हुई है। खिड़की दरवाजे सड़कर खराब हो चुके है। इसके चलते यह भवन रहने लायक नहीं है। फर्श टूटी हुई है। इसकी कभी रंगाई पुताई तक नहीं कराई गई। 6 दिसंबर 2011 को पूर्व मुख्यमंत्री मायावती द्वारा इस अस्पताल का लोकार्पण किया गया।कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम ने इसका निर्माण कराया। विभाग में व्याप्त कमीशनखोरी व भ्रष्टाचार के चलते 15 सालों में ही यह सरकारी अस्पताल खण्डहर बन चुका है।


 हलधरमऊ सीएचसी अधीक्षक डाक्टर सन्त प्रताप वर्मा का इसको लेकर वही पुराना रटा रटाया जवाब मिलता है कि इसके लिए जिले के उच्चाधिकारी जिम्मेदार हैं। सीएमओ संत लाल पटेल को काल करने के बावजूद बात नहीं हो पाई।

#Commissioner Devi Patan #DM Gonda  #Director Health UP #AD Health Devi Patan #CMO Gonda 

📤 शेयर करें: