पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Good Work

करनैलगंज रेलवे स्टेशन पर मिला बिछड़ा किशोर आरपीएफ की कार्रवाई की सराहना

✍️ Admin 📅 26 April, 2026 ⏰ 10:21 PM 👁 116 views



गोण्डा 25 अप्रैल। कर्नलगंज रेलवे स्टेशन पर एक 14 वर्षीय किशोर के ट्रेन से बिछड़ जाने का मामला सामने आया, जिसमें रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ी अनहोनी टल गई। आरपीएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए किशोर को सुरक्षित बरामद कर उसे परिवार से मिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सूचना के मुताबिक  श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र के जानकी नगर निवासी आशुतोष शुक्ला (14), पुत्र शिव शंकर शुक्ला, गाड़ी संख्या 15081 से यात्रा कर रहा था। इसी दौरान कर्नलगंज रेलवे स्टेशन पर पानी लेने के लिए वह ट्रेन से नीचे उतर गया, लेकिन तभी ट्रेन चल दी और किशोर स्टेशन पर ही छूट गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोंडा हरकत में आ गया। दिनांक 24 अप्रैल को रात्रि ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक रामदत्त प्रसाद को मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष लखनऊ से सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद कर्नलगंज स्टेशन पर तैनात स्टाफ कांस्टेबल अमन कुमार त्रिपाठी और कांस्टेबल विनोद कुमार सिंह ने तत्काल स्टेशन परिसर में खोजबीन शुरू की। आरपीएफ टीम की सक्रियता का परिणाम रहा कि कुछ ही समय में किशोर स्टेशन परिसर में सकुशल मिल गया। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर कांस्टेबल अमन कुमार त्रिपाठी किशोर को अपने साथ लेकर आरपीएफ पोस्ट गोंडा पहुंचे।
यहां नियमानुसार रेलवे चाइल्ड लाइन गोंडा के सुपरवाइजर अमित पांडेय और केस वर्कर सत्य प्रकाश सिंह को बुलाया गया। आवश्यक कागजी कार्रवाई और गवाहों की मौजूदगी में किशोर को सुरक्षित रूप से चाइल्ड लाइन टीम के सुपुर्द कर दिया गया, ताकि उसे उसके परिजनों से मिलाया जा सके।
आरपीएफ की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि सतर्कता और जिम्मेदारी से बड़ी घटनाओं को टाला जा सकता है।

📤 शेयर करें: