चलती ट्रेन में चढ़ते समय महिला का बिगड़ा सन्तुलन बाल बाल बची जान
गोंडा। जिले के मनकापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर उस वक्त एक बड़ा हादसा टल गया जब चलती हुई ट्रेन पर एक महिला का चढ़ते हुये उसका सन्तुलन बिगड़ गया। उसको समय रहते वहां मौजूद जीआरपी और आरपीएफ के जवान ने दौड़कर सहारा देते हुए ट्रेन के अंदर कर दिया और उसकी जान बच गयी।
घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही हैं ट्रेन संख्या 15109 छपरा मथुरा एक्सप्रेस ट्रेन मनकापुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी जो 10:55 पर जैसे ही चलने लगी कि कुछ यात्री के साथ एक महिला चलती हुई ट्रेन में बैठने की कोशिश करने लगी। महिला के साथ के लोग ट्रेन में चढ़ गए पर महिला जो सर पर बोरी लादे हुए थी जैसे ही ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की वैसे ही उसका बैलेंस बिगड़ गया।
वह पीछे की तरफ जैसे ही ट्रेन से नीचे गिरती वैसे ही प्लेटफार्म पर ड्यूटी पर तैनात जीआरपी और आरपीएफ के सिपाहियों ने दौड़कर महिला को पकड़ कर सहारा देते हुए ट्रेन के अंदर कर दिया। इससे उसकी जान बच गई। इस घटना का वीडियो प्लेटफार्म पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लोग दोनों सिपाहियों की सराहना कर रहे हैं।