स्पेन में दो तेज़ रफ़्तार ट्रेनों की टक्कर, 64 लोगों की मौत; अब तक जो पता है
मैड्रिड के दक्षिण में उर्दा के पास दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 64 लोगों की मौत हुई है. कास्तिया-ला मांचा की क्षेत्रीय सरकार ने रेल हादसे में 64 लोगों की मौत की पुष्टि की है. दोनों ट्रेनों में 500 से ज़्यादा यात्री सवार थे. राहत और बचाव अभियान जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है. बीबीसी वेरीफ़ाई ने हादसे के बाद सामने आई ताज़ा वीडियो फुटेज का विश्लेषण किया है. सत्यापित वीडियो में एक ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरकर पलटे हुए दिखाई दे रहे हैं. पहले डिब्बे को काफ़ी नुकसान पहुंचा है और उसके आसपास मलबा बिखरा हुआ है. एक दूसरी वीडियो में कई इमरजेंसी वाहन और हाई-विज़िबिलिटी जैकेट पहने रेस्क्यू वर्कर दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में कुछ लोगों को घास पर कंबल में लिपटा हुआ देखा जा सकता है. एक व्यक्ति के पास आईवी बैग भी दिखाई दे रहा है. स्पेन की सिविल गार्ड ने हादसे के बाद ड्रोन से ली गई तस्वीरें जारी की हैं. इनमें हादसे के पैमाने का अंदाज़ा लगाया जा सकता है. ट्रेनों और पटरी से उतरे डिब्बों के आसपास दर्जनों वाहन, हेलिकॉप्टर और एंबुलेंस दिखाई दे रहे हैं. ज़मीन पर मरीज भी नज़र आ रहे हैं. क्षेत्रीय सरकार के सूत्रों ने स्पेनिश मीडिया को बताया है कि हादसे में कम से कम 64 लोगों की मौत हुई है. राहत और बचाव अभियान जारी है और आशंका है कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है. दोनों ट्रेनों में कुल मिलाकर 500 से ज़्यादा यात्री थे. अधिकारियों के मुताबिक़ निजी इर्यो ट्रेन में 147 यात्री थे, जबकि हाई-स्पीड ट्रेन में 397 यात्री सवार थे. स्पेनिश मीडिया से बात करने वाले अधिकारियों से जुड़े सूत्रों ने आशंका जताई है कि यह हादसा पिछले जनवरी में हुए अदामुस हादसे से भी ज़्यादा गंभीर हो सकता है. अदामुस हादसे में 46 लोगों की मौत हुई थी. 17 वर्षीय एडुआर्दा ने ब्रॉडकास्टर कैडेना सेर को बताया कि हादसे के बाद वहां "अराजकता" जैसी स्थिति थी और बहुत से लोग बाहर नहीं निकल पा रहे थे. हादसे की फुटेज में कई डिब्बे पटरी से उतरे हुए और बड़े पैमाने पर मलबा बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है. मोबाइल से बनाई गई एक वीडियो में एक डिब्बे का पिछला हिस्सा टक्कर की ताक़त से अलग हुआ दिखाई देता है. कुछ लोग दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों के मलबे के बीच खड़े नज़र आ रहे हैं. हादसे की वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. रिपोर्टों में कहा गया है कि आशंका है कि एक हाई-स्पीड ट्रेन ने पटरी पर खड़ी दूसरी ट्रेन को टक्कर मारी हो. स्पेन के सरकारी प्रसारक आरटीवीएफ़ ने परिवहन मंत्रालय के हवाले से बताया कि हाई स्पीड ट्रेन ने खड़ी इर्यो ट्रेन को पीछे से टक्कर मारी, जिसके बाद इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए. हालांकि, उस समय तक यह पुष्टि नहीं हुई थी कि हाई-स्पीड ट्रेन ने खड़ी इर्यो ट्रेन को पीछे से ही टक्कर मारी थी. ट्रेन ऑपरेटर रेनफ़े के मुताबिक़, मैड्रिड, स्यूदाद रियल और आंदालुसिया के बीच ट्रेन सेवाएं निलंबित हैं. सेविया सांता जुस्टा स्टेशन पर यात्रियों के इंतज़ार करने की तस्वीरें भी सामने आई हैं. इमेज स्रोत, Javier SORIANO / AFP via Getty Images स्पेनिश न्यूज़ एजेंसी ईएफ़एफ़ के मुताबिक़, टोलेडो, स्यूदाद रियल और अल्काज़ार दे सैन हुआन के अस्पतालों ने हादसे के बाद मरीजों की बढ़ती संख्या को संभालने के लिए पहले से तय ऑपरेशन स्थगित कर दिए हैं. मैड्रिड के ब्लड ट्रांसफ़्यूज़न सेंटर ने हादसे के बाद "तत्काल" रक्तदान की अपील की है. सेंटर ने संभावित रूप से अचानक बढ़ने वाली चिकित्सा ज़रूरतों को देखते हुए यह अपील की है. स्पेनिश मीडिया के मुताबिक़, टोलेडो ब्लड बैंक ने भी रक्तदान की अपील की है. बीबीसी संवाददाता थॉमस कोपलैंड, मर्लिन थॉमस और शेरी राइडर के मुताबिक़ हादसे के बाद बड़ी संख्या में फायर सर्विस कर्मी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची हैं. हेलिकॉप्टर और एंबुलेंस भी राहत अभियान में लगाए गए हैं. ड्रोन से जारी तस्वीरों में हादसे वाली जगह पर बड़ी संख्या में आपातकालीन वाहन और बचाव दल दिखाई दे रहे हैं. इमेज स्रोत, Javier SORIANO / AFP via Getty Images बीबीसी संवाददाता सर्जी फ़ोर्कादा फ़्रेइक्सास के मुताबिक़ हादसे के बाद स्पेन की ज़्यादातर राजनीतिक पार्टियों ने बुधवार के लिए तय अपने चुनावी कार्यक्रम रद्द कर दिए. प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ और सरकार के सदस्यों ने अपने सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए और हादसे के हालात पर नज़र रख रहे हैं. विपक्षी कंज़र्वेटिव नेता अल्बेर्तो नूनेज़ फ़ेइखोओ और 29 नवंबर को होने वाले आम चुनाव में शामिल ज़्यादातर उम्मीदवारों ने भी अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए. हालांकि, दक्षिणपंथी पार्टी वॉक्स ने ऐसा नहीं किया. पार्टी के नेता सैंतियागो अबास्काल ने कहा कि वॉक्स उन कोशिशों का हिस्सा नहीं बनेगा जिनका मक़सद देश के रेल ढांचे की आलोचना को "शोक का इस्तेमाल करके दबाना" है. देश - दुनिया की बड़ी ख़बरें जिन्होंने बटोरी सुर्खियां. प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने सोशल मीडिया पर इस घटना पर दुख जताया और घायलों तथा उनके परिवारों के प्रति संवेदना और समर्थन व्यक्त किया है. जनवरी में इसी रेल मार्ग पर दो ट्रेनों की टक्कर में 46 लोगों की मौत हुई थी. स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने कहा है कि वह टोलेडो में हुए "भीषण रेल हादसे से स्तब्ध" हैं. सांचेज़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वह परिवहन मंत्री और कास्तिया-ला मांचा क्षेत्र के प्रेसिडेंट के लगातार संपर्क में हैं. उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं, ताकि प्रभावित लोगों की मदद की जा सके और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो. इस काम में सभी संबंधित प्रशासनिक एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं. सांचेज़ ने कहा, "सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं, एकजुटता और समर्थन है." सांचेज़ और स्पेन के अन्य नेताओं ने बुधवार के अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं. इनमें अगले महीने होने वाले संसदीय चुनावों के लिए प्रचार अभियान भी शामिल है. बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित. BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
स्रोत: BBC Hindi