एलबीएस कालेज में युवा पखवाड़े के तहत नृत्य प्रतियोगिता आयोजित
गोंडा, 22 जनवरी। लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोंडा में युवा उत्सव ‘पखवाड़ा’ के अंतर्गत शास्त्रीय एवं लोक गीतों पर आधारित नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम कॉलेज के ललिता शास्त्री सभागार में सम्पन्न हुआ, जिसमें विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
नृत्य प्रतियोगिता के लिए गठित निर्णायक मंडल में प्रो. अमन चंद्रा, प्रो. शशि बाला एवं डॉ. चमन कौर सम्मिलित रहीं। निर्णायकों द्वारा प्रतिभागियों का मूल्यांकन प्रस्तुति, भाव-भंगिमा, ताल-लय एवं नृत्य कौशल के आधार पर किया गया।
प्रतियोगिता में छात्रा दृष्टि श्रीवास्तव ने उत्कृष्ट नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं छात्रा शशि शुक्ला एवं छात्र ऋतिक कन्नौजिया ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि छात्रा तान्या निषाद ने तृतीय स्थान अर्जित कर अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की मुख्य संयोजक डॉ. रेखा शर्मा रहीं। सह-संयोजक के रूप में डॉ. स्मृति शिशिर, डॉ. इला तिवारी, डॉ. ममता शुक्ला एवं डॉ. स्मिता सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत शास्त्रीय एवं लोक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सभागार तालियों की गूंज से बार-बार गूंज उठा। यह आयोजन छात्र-छात्राओं में सांस्कृतिक चेतना, आत्मविश्वास तथा रचनात्मक प्रतिभा के विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल सिद्ध हुआ।