राइफल से शीशा तोड़कर दुर्घटनाग्रस्त फॉर्चूनर में फंसे जिला पंचायत अध्यक्ष समेत 5 लोगों की सिपाही दंपत्ति ने बचाई जान
लखनऊ। यूपी के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार दोपहर तेज बारिश के दौरान तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार डिवाइडर तोड़कर पलट गई। कार में सुल्तानपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह समेत 5 लोग फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक सिपाही और उनकी पत्नी हादसा देखकर रुक गए। सिपाही ने तुरंत कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू किया। कार के दरवाजे नहीं खुलने पर उन्होंने अपनी राइफल से कार के शीशे तोड़ डाले।
सिपाही की पत्नी ने आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों से मदद मांगी। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष समेत सभी 5 लोगों को एक-एक कर कार से बाहर निकाला। हादसे में घायल सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा करीब 2 बजे तालग्राम इलाके में हुआ।
इसी दौरान आशा ज्योति केंद्र, कन्नौज में तैनात महिला कांस्टेबल अर्चना सिंह अपने सिपाही पति अमित तेवतिया के साथ सौरिख से कन्नौज जा रही थीं। रास्ते में उन्होंने एक्सप्रेस-वे पर पलटी हुई फॉर्च्यूनर देखी।
दोनों तुरंत गाड़ी रोककर मौके पर पहुंचे। कार में पांच लोग फंसे हुए थे। कार के दरवाजे नहीं खुल रहे थे। अमित तेवतिया ने तुरंत बचाव शुरू किया। उन्होंने अपनी सर्विस राइफल से कार के शीशे तोड़े और लोगों को बाहर निकालने का रास्ता बनाया। सभी लोगों को बाहर निकाला।