बालपुर गोंडा। इस त्यौहारी सीजन में कजरी तीज से लेकर दशहरा बीतने को है लेकिन लखनऊ हाइवे पर बालपुर में लगी खराब रोड लाइटें नहीं ठीक कराई जा सकी है। यदि दीपावली तक नहीं ठीक कराई जाती है तो इस साल का त्यौहारी सीजन अन्धेरे में पार हो जायेगा। इसके बाद बाद विधानसभा चुनाव में ही बालपुर की खराब लाइटें ठीक कराने की आसार दिखाई पड़ रहे हैं। इससे पहले कोई चांस नहीं नजर आ रहा है।
बालपुर में लखनऊ हाईवे के सभी खंभों पर खराब लाइटें ठीक न कराए जाने से प्रकाश व्यवस्था चौपट होकर रह गई है। रोड लाइटें ठीक कराने के जिम्मेदार विकास विभाग व बिजली विभाग के अधिकारी अपनी ड्यूटी से कतराते हुए एक दूसरे के कंधे पर जिम्मेदारी डालकर अपने अपने कर्तव्यों से मुक्ति पा ले रहे हैं। करीब 6 माह पूर्व डिवाइडर पर रेलिंग लगाने के दौरान सभी लाइटे खराब हो गई। सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की ओर से यह भारी लापरवाही बरती जा रही है।
बालपुर कस्बे में लखनऊ हाइवे पर कुल 19 रोड लाइट के ख़ंभे लगे हुए हैं। इनमें लगी सभी 36 रोड लाइटें 6 महीनों से ज्यादा समय से खराब हैं। बालपुर में लखनऊ हाइवे की खराब रोड लाइटें अभी तक नहीं ठीक नहीं कराई जा सकी हैं। मार्ग प्रकाश व्यवस्था के जिम्मेदार इस ओर से अपनी आंखें मूंदे हुए हैं और कुंभकर्णी निद्रा में सोए हुए लगते हैं। इनमें से टेढ़ी नदी की छोर लगा एक रोड लाइट खंभा पिछले साल ही किसी गाड़ी की टक्कर से टूटकर गिर पड़ा। करीब सालभर यह बिजली का खंभा लखनऊ हाइवे के डिवाइडर पर पड़ा रहा। इसी बीच इस खंभे को कोई उठा ले गया और इसकी खोज खबर लेने वाला कोई नहीं दिखाई पड़ा।
अवर अभियंता बालपुर विद्युत उपकेन्द्र संतोष कनौजिया ने बताया कि उनके विभाग का काम केवल कनेक्शन देना है रोड लाइटें ठीक कराना नहीं है। इसके लिए अन्य विभाग के अधिकारी जिम्मेदार हैं।