बालपुर गोंडा। क्षेत्र में कांवरियों के भगवा कपड़ों की दुकानें सज गई है। कजरीतीज के पावन अवसर आगामी सोमवार को लाखों शिवभक्त कांवरिए भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। गतवर्षों की भांति इस वर्ष भी बालपुर क्षेत्र में कांवरियों के भगवा कपड़े की दुकानें प्रमुख सड़कों के किनारे सज गई है। यह क्षेत्र के माहौल में भगवान भोलेनाथ की भक्ति का रस घोलने का काम कर रहा।
रविवार को लाखों शिवभक्त कांवरिए करनैलगंज क्षेत्र के कटरा सरयू घाट से जल भरेंगे। सोमवार को जिला मुख्यालय पर स्थित दुःखहरन नाथ व खरगूपुर के पृथ्वीनाथ मन्दिर में जलाभिषेक करेंगे। लखनऊ हाईवे से लेकर कांवरियों के जलभरकर गुजरने वाले मार्गों पर उनके आवभगत के लिए आकर्षक रोड लाइटें लगाकर शिवभक्तों की ओर से जगह जगह पांडाल सजाए जा रहे है। विभिन्न संस्थाओं की ओर से लगाए गए पंडालों में कांवरियों के फलाहार समेत अन्य खाने पीने की चीजों समेत बैठकर आराम करने के उत्तम प्रबन्ध किए जा रहे है।
लखनऊ हाइवे पर कटरा सरयू घाट, करनैलगंज, कादीपुर, गोनवा, कोचा कासिमपुर, चौरी, राजपुर, कपूरपुर मोड़, बटौरा बख्तावर सिंह, परसागोंडरी, रेरूवा, नकहा बसन्त, हरसिंहपुर, बालपुर बाजार, बालपुर जाट, माधवपुर राय, माधवपुर चकत्ता, लालपुर चन्द्रभान, चौपाल सागर, हारीपुर, पोर्टरगंज, फोरबिसगंज, दीवानी कचेहरी, अंबेडकर चौराहा, गोंडा शहर समेत दर्जनों स्थानों पर शिव भक्त कांवरियों के आवभगत के लिए प्रबंध किए जा रहे हैं। इसी तरह से करनैलगंज कटरा बाजार कौड़िया मार्ग होते हुए खरगुपुर के पृथ्वीनाथ मन्दिर में जलाभिषेक करने वाले कांवरियों के लिए जगह जगह पर स्वागत के इंतजाम किए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था लेकर जिला प्रशासन की ओर से सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए है।