खरगूपुर। सावन माह के अंतिम सोमवार पर पांडव कालीन पृथ्वीनाथ मंदिर के भव्य शिवलिंग पर बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया। मंदिर का कपाट खुलते ही भोर से ही जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन का सिलसिला शुरू हो गया।
मंदिर परिसर व गर्भगृह ॐ नमः शिवाय, बोल-बम, जय शिव शंभू के उद्घोष से गुंजायमान रहा। दुग्ध, जल, गंगाजल, पुष्प, शमी, बेलपत्र आदि से विशाल शिवलिंग पर अर्पित कर मनवांछित फल की कामना की। रात एक बजे से शुरु हुआ जलाभिषेक का सिलसिला देर सायं तक चलता रहा। सीआईए संस्था के अजय सिंह व संतोष पांडेय की अगुवाई में दर्जनों स्वयं सेवकों को जलाभिषेक में श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए लगाया गया है। प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी ने बताया कि गर्भगृह व मेला क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय थाने के अलावा उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी तथा महिला पुरुष अरक्षियों को तैनात किया गया है।
