गोण्डा 17 दिसम्बर,2025*। पेंशनर्स दिवस के पावन अवसर पर जिला पंचायत सभागार, गोण्डा में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन द्वारा की गई। इस अवसर पर उन्होंने जनपद के वरिष्ठ पेंशनर्सजनों को पुष्पगुच्छ एवं साल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके दीर्घ, स्वस्थ एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की।
जिलाधिकारी

प्रियंका निरंजन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पेंशनर्स समाज का वह अनुभवी वर्ग हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल में ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण के साथ शासकीय दायित्वों का निर्वहन किया है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि पेंशन किसी प्रकार की सहायता नहीं, बल्कि कर्मचारियों का अधिकार है और प्रशासन पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव संवेदनशील है।
उन्होंने उपस्थित सभी पेंशनर्स एवं जनसमूह को पेंशनर्स दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार द्वारा पेंशनर्स के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र पेंशनर्स को समयबद्ध रूप से मिलना सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेंशन से जुड़ी किसी भी समस्या का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए पेंशनर्स के योगदान की सराहना की तथा कहा कि प्रशासन उनकी सेवा में सदैव तत्पर रहेगा। मुख्य कोषागार अधिकारी

श्यामलाल जायसवाल ने पेंशन से संबंधित प्रक्रियाओं, सुविधाओं एवं नवीन व्यवस्थाओं की जानकारी दी और पेंशनर्स को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम की सराहना की। कार्यक्रम में अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी पेंशनर्स के उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।