यूपी में माध्यमिक शिक्षा गुणवत्ता नवाचार रोजगार की मजबूत हुई नींव
लखनऊ, 17 दिसम्बर 2025* - शिक्षा किसी भी समाज के समग्र विकास की आधारशिला होती है और इसमें माध्यमिक शिक्षा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। माध्यमिक शिक्षा विद्यार्थियों को न केवल उच्च शिक्षा के लिए तैयार करती है, बल्कि उनमें संज्ञानात्मक, सामाजिक, भावनात्मक एवं मनोदैहिक कौशलों का विकास कर उन्हें जीवन एवं रोजगार के लिए सक्षम बनाती है। उत्तर प्रदेश में वर्तमान में 29,216 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं, जो प्रदेश के शैक्षिक ढांचे को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ने शिक्षा को विकास का प्रमुख आधार मानते हुए तकनीकी एवं रोजगारपरक शिक्षा पर विशेष बल दिया है। सरकार की मंशा है कि शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, कुशल और प्रतिस्पर्धी बनाए। इसी उद्देश्य से प्रदेश में नवीन विद्यालयों की स्थापना, पुराने विद्यालयों का उन्नयन तथा अवस्थापना सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया गया है।
माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रदेश में 41 नए इंटर कॉलेज एवं 215 राजकीय हाई स्कूलों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 60 नए इंटर कॉलेजों को स्वीकृति प्रदान की गई है। वर्तमान में 280 नए राजकीय इंटर कॉलेज/हाई स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही पूर्वांचल के प्रथम एवं प्रदेश के द्वितीय सैनिक स्कूल की स्थापना गोरखपुर में कर शिक्षा के क्षेत्र में एक नया मानक स्थापित किया गया है।
राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, शौचालय, पेयजल, चहारदीवारी एवं विद्युतीकरण जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास किया गया है। इससे सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और विद्यार्थियों को बेहतर सीखने का वातावरण मिला है।
डिजिटल युग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास एवं अटल टिंकरिंग लैब स्थापित की गई हैं। इन पहलों से विद्यार्थियों में तकनीकी ज्ञान, नवाचार और व्यवहारिक सोच विकसित हो रही है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए राजकीय इंटर कॉलेजों में इंडोर मिनी स्टेडियमों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक विकास सुनिश्चित हो रहा है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप पीएम श्री विद्यालय योजना के अंतर्गत प्रदेश के 145 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों को चयनित किया गया है। वहीं, मिशन रोजगार के तहत पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाकर बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की गई है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता और अधिक सुदृढ़ हुई है।
समग्र रूप से उत्तर प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा आज गुणवत्ता, नवाचार और रोजगारोन्मुख दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है, जो प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का सशक्त आधार बन रही है।
Program की और खबरें
709 दिव्यांगजनों में 1030 सहायक उपकरण का वितरण शेष को मिलेगा अगलीबार
7 घंटे पहले
डीएम ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र
1 सप्ताह पहले
बेटी बचाव बेटी पढाओ योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
1 सप्ताह पहले📰