गोंडा। हमें समाजवादी पार्टी की सरकार की उपलब्धियों और वर्तमान सरकार की नाकामियों के साथ जनता के बीच जाना होगा। यह बातें समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश महासचिव एवं शिक्षक एम०एल०सी० निर्वाचन के जनपद गोंडा के प्रभारी प्रो० मंशाराम वर्मा ने कही। आज गौरा विधानसभा में शिक्षक एम०एल०सी० निर्वाचन में गोरखपुर फैजाबाद निर्वाचन क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी कमलेश यादव को जिताने हेतु आयोजित सभा में समाजवादी नेता मुहम्मद हाफिज की अध्यक्षता में शिक्षकों एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान किया।
शिक्षक एम०एल०सी० निर्वाचन प्रभारी प्रो० मंशाराम वर्मा ने कहा आज समाज का हर व्यक्ति और हर वर्ग वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है। छात्र अपने भविष्य की चिंताओं को लेकर सड़क पर उतर रहे हैं, बेरोजगारी और मंहगाई चरम पर है, किसान परेशान हैं, वाहन चालक सरकार द्वारा ईंधन में एथनाल की मिलावट से परेशान है, वाहन ख़राब हो रहे हैं। शिक्षा व्यवस्था बेपटरी हो गई है, स्कूल बंद किए जा रहे हैं। पेपर आउट हो जा रहे हैं। एक्सप्रेस-वे जगह-जगह धंस रहे हैं। पुरानी पेंशन बंद कर दी गई है। शिक्षक एवं नौकरशाह परेशान हैं भ्रष्टाचार बढ गया है।
कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं। आगामी शिक्षक एम०एल०सी० निर्वाचन में शिक्षक इसका जवाब समाजवादी प्रत्याशियों को जिताकर देंगे। हमें अनुशासन एवं समर्पण से काम करना होगा।समाजवादी शिक्षक सभा गौरा विधानसभाध्यक्ष डॉ० राकेश कुमार ने समाजवादी पार्टी को मजबूत करने हेतु कई महत्वपूर्ण सुझाव दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विपिन चंद्र वर्मा ने अधिक से अधिक शिक्षकों को निर्वाचन में समाजवादी पार्टी वोट देने की अपील की। सभा की अध्यक्षता कर रहे सपा नेता मुहम्मद हाफिज ने कहा हम लगातार जनता के बीच जाकर उनके सुख-दुख में शरीक हो रहे हैं। समाजवादी पार्टी को मजबूत करने हेतु चौपाल कार्यक्रम कर रहे हैं। उन्होंने कहा यदि गौरा में शिक्षक सभा शिक्षक सम्मेलन कराती है तो उसका सम्पूर्ण व्यय हमारे द्वारा किया जाएगा।
सभा को जिला उपाध्यक्ष रामगोपाल वर्मा, उपाध्यक्ष राधेश्याम सोनकर, मनकापुर विधानसभाध्यक्ष डी० एन० वर्मा, गौरा विधानसभा महासचिव शिवशंकर यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षक साथियों ने सम्बोधित किया। सभी ने एक स्वर में आगामी निर्वाचन में समाजवादी पार्टी को जिताने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन गौरा विधानसभाध्य डॉ० राकेश कुमार ने किया।