Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

कलेक्टरेट सभागार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग समीक्षा बैठक

  गोण्डा 23 दिसम्बर,2025*। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई तथा जनहित से जुड़े विषयों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कहा कि आम जनता को सुरक्षित, शुद्ध एवं मानक के अनुरूप खाद्य पदार्थ एवं औषधियां उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की भूमिका जनस्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इस विभाग से जुड़े सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में खाद्य प्रतिष्ठानों, होटल, ढाबों, मिठाई की दुकानों, दुग्ध उत्पाद विक्रेताओं एवं अन्य खाद्य कारोबारकर्ताओं की नियमित जांच की जाए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच हेतु नमूनों का समय-समय पर संग्रहण कर उन्हें मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में परीक्षण हेतु भेजा जाए। मानकों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। औषधि प्रशासन से संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मेडिकल स्टोरों, दवा विक्रेताओं एवं थोक दवा व्यापारियों की नियमित निरीक्षण प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। नकली, एक्सपायरी अथवा बिना लाइसेंस की दवाओं के क्रय-विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि औषधि लाइसेंस के नवीनीकरण, निरीक्षण एवं प्रवर्तन की कार्यवाही को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए। बैठक में अधिकारियों को जन शिकायतों के निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि खाद्य एवं औषधि से संबंधित शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, जिससे आम जनता का विभाग पर विश्वास बना रहे। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने विभागीय अभियानों, जागरूकता कार्यक्रमों एवं प्रवर्तन कार्यवाही की नियमित समीक्षा करने तथा उसकी रिपोर्ट समय से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि त्योहारों एवं विशेष अवसरों पर विशेष जांच अभियान चलाकर मिलावटखोरी पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए जनपद गोण्डा में खाद्य एवं औषधि सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।