गोण्डा। आज दिनांक 07-10-2026 को पुलिस लाइन गोण्डा के सभागार कक्ष में पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री अभिषेक द्वारा सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली गयी तथा प्राप्त समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ करने तथा आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
सैनिक सम्मेलन के उपरान्त पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं संबंधित पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण के साथ अपराध गोष्ठी आयोजित की गयी। अपराध गोष्ठी में आगामी दशहरा एवं दुर्गा पूजा के दृष्टिगत जनपद में प्रतिमाओं की स्थापना, पूजा पण्डालों एवं विसर्जन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की थाना-वार समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष अपने-अपने थाना क्षेत्रों में दुर्गा पूजा समितियों, आयोजकों एवं स्थानीय सम्भ्रान्त व्यक्तियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक पुलिस प्रबन्ध सुनिश्चित करें तथा संवेदनशील एवं चिन्हित स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार भ्रमण एवं सतर्क निगरानी रखी जाए।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्यवाही के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अपराध की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए थाना स्तर पर की जा रही कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा नियमित पैदल गश्त एवं क्षेत्र भ्रमण बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की प्रभावी चेकिंग करने, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। यक्ष ऐप पर की जा रही कार्यवाही की समीक्षा करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को ऐप पर उपलब्ध सूचनाओं एवं प्रकरणों में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई तथा पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान कराया जाए। लम्बित विशेष अपराधों की थाना-वार समीक्षा करते हुए सम्बन्धित विवेचकों द्वारा की जा रही कार्यवाही की प्रगति की जानकारी ली गई तथा लम्बित विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराते हुए साक्ष्यों का संकलन एवं नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अपहरण के अभियोगों में पीड़िताओं/अपहृताओं की बरामदगी की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को ऐसे प्रकरणों में विशेष संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही करते हुए शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक प्रकरण में प्रभावी विवेचना एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए।
हिस्ट्रीशीटरों के विरुद्ध पंजीकृत मुकदमों में चिन्हित अभियोगों की प्रभावी पैरवी की समीक्षा करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने, अभियोगों की पैरवी से सम्बन्धित आवश्यक अभिलेख एवं साक्ष्य समय से प्रस्तुत कराने तथा हिस्ट्रीशीटरों की वर्तमान गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न चिन्हित एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों की स्थिति एवं प्रगति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक स्थानों को सीसीटीवी कवरेज से आच्छादित करने एवं स्थापित कैमरों के सुचारु संचालन तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था से सम्बन्धित प्रत्येक छोटी-बड़ी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही करें, क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहें तथा आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से प्रसारित होने वाली भ्रामक अथवा अफवाहजनक सूचनाओं पर सतर्क निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार तत्काल तथ्यात्मक एवं वैधानिक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ ड्यूटी करने तथा किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने देने के निर्देश दिए। अपराध गोष्ठी के अन्त में पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी लम्बित प्रकरणों एवं चिन्हित बिन्दुओं पर अपेक्षित प्रगति लाएं तथा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही, आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एवं कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।