गोंडा। पुलिस अधीक्षक अभिषेक द्वारा जनपद में पुलिस विभाग के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने एवं पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न निर्माण परियोजनाओं का विधिवत भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर यातायात कार्यालय के बगल में निर्माणाधीन साइबर थाना एवं पुलिस गेस्ट हाउस, जिनका निर्माण कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराया जा रहा है। रिजर्व पुलिस लाइन, गोण्डा में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (यू0पी0 सिडको) द्वारा निर्मित की जा रही 12 मंजिला पुरुष बैरक के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया।
साइबर थाना के निर्माण से जनपद में साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों की जांच, तकनीकी साक्ष्यों के संकलन तथा ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के माध्यम से धोखाधड़ी एवं अन्य साइबर अपराधों से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई हेतु आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। वहीं, पुलिस गेस्ट हाउस के निर्माण से विभागीय कार्यों के सिलसिले में जनपद आने वाले अधिकारियों एवं अन्य आगंतुकों के ठहरने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इसके अतिरिक्त रिजर्व पुलिस लाइन में यू0पी0 सिडको द्वारा निर्मित की जा रही 12 मंजिला पुरुष बैरक में लगभग 200 पुलिसकर्मियों के रहने की व्यवस्था होगी, जिससे पुलिसकर्मियों के ठहरने एवं आवासीय सुविधाओं में सुधार होगा।
उक्त निर्माण परियोजनाएं जनपद पुलिस के आधारभूत ढांचे के विकास, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार तथा पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्य एवं आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जनपद पुलिस की कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।