Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

फसल नुकसान का समय से सर्वे कराकर किसानों को दिलाया जायेगा बीमा क्लेम - डीएम



गोण्डा 27 सितम्बर,2026*। 
जनपद में तेज आंधी एवं वर्षा के कारण किसानों की फसलों को हुई क्षति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से जिन-जिन किसानों की फसल प्रभावित हुई है, उनका समयबद्ध तरीके से सर्वे कराया जाए तथा नियमानुसार पात्र किसानों को फसल बीमा योजना का क्लेम दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में राजस्व विभाग, कृषि विभाग एवं इफको टोकियो फसल बीमा कम्पनी की संयुक्त टीम गठित की गई है। यह संयुक्त टीम प्रभावित क्षेत्रों एवं खेतों में पहुंचकर फसलों को हुई क्षति का स्थलीय सर्वेक्षण करेगी। सर्वे के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र कृषकों को फसल बीमा का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

उपनिदेशक कृषि संतोष कुमार द्विवेदी ने जनपद के समस्त सम्मानित कृषकों से अपील की है कि जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है और तेज आंधी एवं वर्षा के कारण उनकी धान अथवा मक्का की फसल को नुकसान हुआ है, वे फसल क्षति की सूचना घटना के 72 घंटे के अंदर टोल फ्री नंबर 14447 पर अवश्य दर्ज कराएं। किसान फोन करते समय अपना नाम, ग्राम पंचायत का नाम, विकासखंड तथा तहसील का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज कराएं, ताकि फसल क्षति की सूचना संबंधित स्तर पर समय से दर्ज हो सके और आगे की कार्रवाई में किसी प्रकार की देरी न हो।

फसल क्षति से प्रभावित किसान अपनी लिखित शिकायत उप कृषि निदेशक कार्यालय, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय अथवा इफको टोकियो फसल बीमा कम्पनी में भी प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं के आधार पर संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उप कृषि निदेशक संतोष कुमार द्विवेदी ने किसानों से अपील की है कि वे फसल क्षति की सूचना निर्धारित समय सीमा के भीतर अवश्य दें, जिससे संयुक्त टीम द्वारा प्रभावित खेतों का समय से सर्वे कराया जा सके और नियमानुसार अधिक से अधिक पात्र कृषकों को फसल बीमा योजना का क्लेम दिलाया जा सके। 

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे क्षति की सूचना देने में विलंब न करें और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर सर्वे एवं दावा प्रक्रिया में सहयोग करें।