गोंडा, 24 अप्रैल 2026* - विकास भवन परिसर स्थित शक्ति कैफे में शुक्रवार को *“अरगा ज्ञान गंज: चाय एण्ड चैप्टर्स”* पहल का सफल शुभारंभ किया गया। इस पहल के तहत अब जनपद के युवाओं को सुरक्षित, शांत एवं सुविधाजनक वातावरण में बैठकर अध्ययन करने के लिए एक उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो गया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आयुक्त, देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल उपस्थित रहीं, जिन्होंने फीता काटकर लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी भी उपस्थित रहीं। आयुक्त ने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी की इस अभिनव पहल की सराहना की। इस दौरान कमिश्नर डीएम और सीडीओ ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें, डायरी एवं पेन भी भेंट किए।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं से बात करते हुए आयुक्त ने कहा कि “चाय की चुस्की के साथ ज्ञान की राह” जैसी पहलें समाज में सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देती हैं तथा महिलाओं एवं युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने इसे सामाजिक जागरूकता और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रभावी प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों की सफलता में उनके अलावा उनके अभिभावकों का भी काफी योगदान है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने तथा जीवन के प्रत्येक लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनपद की युवाओं को पढ़ने के लिए अच्छी और सुरक्षित जगह मिली है। सभी छात्र-छात्रायें अपने जीवन के हर लक्ष्य को प्राप्त करें।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि विकास भवन परिसर में स्थापित इस लाइब्रेरी से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। उन्होंने बताया कि शक्ति कैफे में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार पौष्टिक भोजन भी उपलब्ध है, जिससे छात्र-छात्राएं अध्ययन के साथ-साथ स्वास्थ्य का भी ध्यान रख सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यह लाइब्रेरी सभी विद्यार्थियों के लिए खुली है और कोई भी यहां आकर अध्ययन कर सकता है।
मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने कहा कि इस लाइब्रेरी के निर्माण से छात्र-छात्राओं को शांत एवं अनुकूल वातावरण में अध्ययन करने की सुविधा प्राप्त हुई है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने किया चाय एवं चैप्टर्स लाइब्रेरी का उद्घाटन
Inauguration की और खबरें
मेडिकल कालेज में प्रसव विंग एवं वार्ड का सदर विधायक एवं डीएम ने किया ल...
4 days ago📰
बालपुर बाजार में साप्ताहिक बाजार का एसडीएम ने किया शुभारंभ
6 days ago
गांधी पार्क के पास तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का भाजपा जिलाध्यक्ष ने क...
1 week ago