गोंडा। थाना कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के रामलीला मैदान कस्बा करनैलगंज में दशहरा पर्व के दौरान आयोजित कार्यक्रम में शांति भंग करने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में थाना करनैलगंज पुलिस ने 21 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज की है।
सुमित कुमार सिंह चौकी प्रभारी कस्बा करनैलगंज ने लिखित तहरीर देकर बताया कि दिनांक 20/10/2026 को वे मय पुलिस बल दशहरा पर्व में शांति व्यवस्था के दृष्टिगत रामलीला मैदान कस्बा करनैलगंज में मौजूद थे। तभी कुंवर शारदेन मोहन के करीब 40-50 समर्थकों (नाम पता अज्ञात) द्वारा शांति व्यवस्था बिगाड़ने के उद्देश्य से मेले में कार्यक्रम के दौरान मंच पर चढ़ने को लेकर धक्का-मुक्की की जाने लगी और गाली-गलौज करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें समझाने व शांत करने का प्रयास किया तो उन लोगों ने पुलिस बल के साथ भी धक्का-मुक्की तथा गाली-गलौज किया तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने लगे। जिस कारण मेले में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे वहां उपस्थित महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो जाता।
तहरीर में कहा गया है कि उक्त कृत्य से शांति व्यवस्था बिगड़ने, समाज में भय का माहौल बनने व सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई है, जिससे कानून व्यवस्था को काफी नुकसान पहुंचा है।
मामले में बीएनएस की धारा 131, 132, 115(2), 191(2), 352 व धारा 7 आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम 1932 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना उप निरीक्षक दुर्गा प्रसाद पांडेय को सौंपी गई है।
थाना प्रभारी करनैलगंज ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान सीसीटीवी व अन्य साक्ष्यों से की जा रही है।