करनैलगंज गोंडा। करनैलगंज में अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई किया है। शुक्रवार को नगर पालिका परिषद, पुलिस व तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने कटरा बाजार मार्ग पर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए अभियान चलाया। कार्रवाई के 78 अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई का नेतृत्व उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने किया। उनके निर्देशन में राजस्व विभाग, नगर पालिका परिषद और पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क के एक ओर दुकानदारों द्वारा किए गए अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। कई स्थानों पर दुकान के सामने टीनशेड, चबूतरे, बांस-बल्लियां और अन्य अवैध निर्माण सड़क तक फैले हुए थे, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था।
अभियान शुरू होते ही क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। बुलडोजर की कार्रवाई को देखने के लिए आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने पहले ही अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण न हटाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने बताया कि नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आम जनता को सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और जहां भी अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया। उनका कहना है कि लंबे समय से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। मार्ग के एक तरफ अतिक्रमण के विरुद्ध की गयी कार्रवाई के बाद मार्ग एक तरफ चौड़ा और व्यवस्थित दिखाई दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कदम उठाए जाएंगे तथा नगर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।


