
मंगलवार सुबह बहराइच जिले के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के भग्गड़वा निवासी विमल पुत्र श्रीकांत (24 वर्ष) अपनी बहन प्राची (20 वर्ष) को बीएड की परीक्षा दिलाने लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज पहुंचा था। प्राची सरयू महाविद्यालय कर्नलगंज में बीएड कर रही है और उसका परीक्षा केंद्र एलबीएस कॉलेज में था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलेज के सामने बने मॉडल वेंडिंग जोन के पास नगर पालिका की एक स्ट्रीट लाइट में करंट उतर रहा था। खंभे से लिपटा एक खुला तार सड़क पर भरे बरसात के पानी में डूबा हुआ था। हल्की बारिश के चलते विमल, प्राची और कुछ अन्य लोग उसी खंभे के पास खड़े होकर बारिश से बच रहे थे। इसी दौरान विमल करंट की चपेट में आ गया। भाई को तड़पता देख प्राची ने उसे बचाने का प्रयास किया तो वह भी करंट की जद में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। आसपास मौजूद लोगों ने लकड़ी के सहारे दोनों को अलग किया, लेकिन तब तक विमल की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल प्राची को तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि करंट लगने से युवक की मौत हुई है, जबकि उसकी बहन घायल है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। बहन को परीक्षा दिलाने आया भाई की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, नगर पालिका ईओ का कहना है कि पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अधिकारी ने शहर के सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट की जांच के आदेश भी जारी किए हैं।
गौरतलब है कि सोमवार को भी शहर में बिजली विभाग की लापरवाही से एक हादसा सामने आया था। लगातार दूसरे दिन हुई इस घटना से नगर में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में खुले तार और खराब अर्थिंग मौत बनकर घूम रहे हैं।
घटना के बाद एलबीएस कॉलेज के पास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि मानसून से पहले स्ट्रीट लाइट के खंभों, तारों और अर्थिंग की जांच कराना नगर पालिका की जिम्मेदारी थी, जो नहीं की गई। आक्रोशित नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही शहर भर में सभी स्ट्रीट लाइट खंभों की तत्काल सुरक्षा जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं न हों।
स्ट्रीट लाइट के खम्भे में करंट उतरने से भाई की मौत बहन गम्भीर कोहराम
Electricity की और खबरें
📰
करंट लगने से मजदूर की दर्दनाक मौत खुले करंट के बीच टिनशेड लगवाना बना ज...
2 weeks ago📰
भीषण गर्मी में रिकार्ड बिजली कटौती से इलाके के उपभोक्ताओं में मचा हाहा...
1 month ago📰
भीषण गर्मी में रिकार्ड बिजली कटौती से उपभोक्ता आक्रोशित सड़क पर उतरने...
3 months ago📰