बालपुर गोंडा। ग्राम नरायनपुर मर्दन में 22 साल पुराना चकमार्ग विवाद गरमाता जा रहा है। बीती रात चकमार्ग पर दबंगों ने टीना रखकर स्थाई कब्जा करने का प्रयास किया। उसे पीड़ित पक्ष के लोगों ने बलपूर्वक हटवा दिया। इसी बीच टीना रखवाने में शामिल दबंग पक्ष के युवकों ने एक घर पर जमकर पथराव किया। मोटरसाइकिल से भाग रहे इसमें शामिल तीन युवकों को ग्रामीणों ने दबोच लिया। पथराव करने वाले युवकों में असलहा लहराने वाला युवक भी शामिल बताया गया। इससे मौके पर भारी हंगामा हो गया और भगदड़ मच गई। मौके यूपी डायल 112 पुलिस भी पहुंची और उसने घटना के परिदृश्य की वीडियो रिकार्डिंग किया।
मामला करनैलगंज तहसील क्षेत्र की ग्रामपंचायत नरायनपुर मर्दन के गांव तिलकपुरवा का है। यहां एक चकमार्ग विवाद 22 सालों से से चल रहा है। इस पर दबंग पक्ष के मेवालाल पुत्र शिवराज द दशक से अपना अवैध कब्जा जमाए हुए और ग्रामीणों का आवागमन बाधित है। पीड़ित पक्ष की लगातार पैरवी के बावजूद घोर लापरवाही के चलते राजस्व विभाग इतने सालों से इस चकमार्ग से अवैध कब्जा नहीं हटवा पा रहा है। इससे मौके पर मारपीट एवं फौजदारी की स्थिति दोनों पक्षों के बीच बनी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक गुरुवार रात में हुए पथराव एवं हंगामें में एक असलहा लहराने वाला युवक भी शामिल रहा। इससे इस मामले की गंभीरता और ज्यादा बढ़ जाती है।
पथराव की घटना की तहरीर पीड़ित पक्ष की ओर से राम कैलाश ने देहात कोतवाली पुलिस को दिया। लेखपाल अंशिका सिंह ने बताया कि चकमार्ग से अवैध कब्जा हटाने हेतु तहसीलदार अतुल कुमार पाल के नेतृत्व में कार्रवाई हेतु टीम बन चुकी है। निश्चित समय आने पर चकमार्ग से अवैध कब्जे को हटवा दिया जायेगा।