इमेज स्रोत, John Lamparski/Getty Images ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई ज़िंदा हैं और अपना काम कर रहे हैं. दरअसल, ब्रिक्स में शामिल होने भारत आए मसूद पेज़ेश्कियान ने इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में ख़ामेनेई का ज़िक्र किया था. इंटरव्यू के दौरान पेज़ेश्कियान से पूछा गया था कि ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई कहां हैं और कैसे हैं? इसके जवाब में पेज़ेश्कियान ने कहा, "शुक्र है कि हमारे सर्वोच्च नेता ज़िंदा हैं और वो पहले की तरह उसी सिस्टम में अपना काम कर रहे हैं. दुश्मन उनके सही ठिकाने का पता नहीं लगा पा रहे हैं, इसलिए तरह-तरह की अटकलें फैलाई जा रही हैं. दुश्मन हमारे नए सुप्रीम लीडर के साथ भी वैसा ही करना चाह रहे हैं, जैसा उन्होंने पिछले सुप्रीम लीडर के साथ किया." उन्होंने कहा, "अमेरिका और इसराइल एक व्यक्ति के लिए उसके पूरे परिवार को मार देते हैं, इमारत तबाह कर देते हैं, फिर दावा करते हैं कि वो आतंकवादी थे. जिस दुनिया में हम रहते हैं, उसमें यह अपराध करने का एक नया तरीका है." गौरतलब है कि ईरान के वर्तमान सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई पद संभालने के छह महीने बाद भी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं. हालांकि, उनके लिखित संदेश सामने आते रहते हैं. इसके अलावा, ईरानी अधिकारी लगातार यह दावा करते आए हैं कि मोजतबा ज़िंदा हैं. इमेज स्रोत, Artur Widak/NurPhoto via Getty Images अमेरिकी समाचार वेबसाइट एक्सियोस ने दावा किया है कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने बीते हफ़्ते अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दो बार फोन पर बातचीत की. रिपोर्ट के अनुसार, क्राउन प्रिंस ने यमन में हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई करने का अनुरोध किया था, लेकिन ट्रंप ने इस मांग को ठुकरा दिया. यह रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई है, जब यमन में संघर्ष एक बार फिर तेज़ हो गया है. शनिवार को सऊदी अरब समर्थित यमन के सरकारी बलों ने दावा किया कि उन्होंने लाल सागर के तटीय शहर मोखा के आसपास हूती ठिकानों को निशाना बनाया. पिछले कुछ दिनों में हूती विद्रोहियों ने यमन के लाल सागर तट के कई हिस्सों पर कब्ज़ा कर लिया है. उन्होंने बाब अल-मंदेब स्ट्रेट पर भी अपनी पकड़ मज़बूत करने का दावा किया है. साथ ही हूतियों ने यह भी एलान किया है कि उन्होंने लाल सागर में सऊदी अरब के बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी कर दी है. वहीं, शनिवार रात सऊदी अधिकारियों ने बताया कि हूतियों की ओर से दागा गया एक प्रोजेक्टाइल सीमा के पास के इलाके में गिरा. इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं. अधिकारियों के मुताबिक़, हमले में एक मस्जिद, कई इमारतों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है. इमेज स्रोत, Sameera Peiris/Getty Images महिला एशिया कप 2026 का फ़ाइनल मुक़ाबला भारत और श्रीलंका के बीच रविवार (13 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से शुरू होगा. भारतीय महिला क्रिकेट टीम टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है. भारत ने ग्रुप ए में छह अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल करते हुए फ़ाइनल में जगह बनाई. इस दौरान टीम पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भी जीत दर्ज की. मुक़ाबले में पाकिस्तान की टीम टी-20 क्रिकेट में अपने सबसे कम स्कोर (55 रन) पर ऑलआउट हो गई थी. वहीं, श्रीलंका ने लगातार दूसरी बार महिला एशिया कप के फ़ाइनल में जगह बनाई है. दुबई में शुक्रवार को खेले गए दूसरे सेमीफ़ाइनल में श्रीलंकाई टीम ने पाकिस्तान को चार विकेट से हराकर ख़िताबी मुक़ाबले में जगह बनाई. इससे पहले भारत ने पहले सेमीफ़ाइनल में बांग्लादेश को हराकर फ़ाइनल में प्रवेश किया था. अब दोनों टीमों की नज़रें ख़िताब अपने नाम करने पर होंगी. इमेज स्रोत, Kazuhiro NOGI / AFP via Getty Images मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स डिनर के दौरान हिन्दी फ़िल्मों के दो मशहूर गाने गाए. उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में अनवर इब्राहिम पियानो की धुन पर किशोर कुमार का मशहूर गाना ‘ख़्वाब हो तुम या कोई हक़ीक़त’ और मुकेश का गीत ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ गाते नज़र आ रहे हैं. क़रीब डेढ़ मिनट के इस वीडियो में वह दोनों गानों के कुछ अंतरे गाते दिखाई देते हैं. अनवर इब्राहिम ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर शेयर किया है. वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “गुरु, थोड़ा-सा गाने की इजाज़त है?” किशोर कुमार का ‘ख़्वाब हो तुम या कोई हक़ीक़त’ गाना 1965 में रिलीज़ हुई फ़िल्म ‘तीन देवियां’ का है. वहीं, मुकेश की आवाज़ में लोकप्रिय हुआ ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ 1964 में रिलीज़ हुई फ़िल्म ‘संगम’ का गीत है. इससे पहले फ़रवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान अनवर इब्राहिम ने एक आधिकारिक वीडियो मोंटाज शेयर किया था. इसमें फ़िल्म ‘कभी ख़ुशी कभी ग़म’ का लोकप्रिय गाना ‘बोले चूड़ियाँ’ इस्तेमाल किया गया था. अनवर इब्राहिम मलेशिया के 10वें प्रधानमंत्री हैं. उन्होंने 24 नवंबर 2022 को प्रधानमंत्री पद की ज़िम्मेदारी संभाली थी. इससे पहले वह 1993 में मलेशिया के 7वें डिप्टी प्रधानमंत्री बने थे. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक करें. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें. ब्रिक्स नई दिल्ली घोषणापत्र पर बनी सहमति; पहलगाम हमला, फ़लस्तीन, ग़ज़ा और टैरिफ़ का भी ज़िक्र 9/11 हमलों के एक हज़ार से ज़्यादा पीड़ितों की पहचान अब तक क्यों नहीं हो पाई? ख़ानाबदोश ज़िंदगी: क्रिमिनल ट्राइब्स का 'कलंक' हटे 74 साल हुए पर इज़्ज़त के लिए जंग अब भी जारी शी जिनपिंग की भारत यात्रा और ब्रिक्स 2026 को चीन का मीडिया कैसे देख रहा है
स्रोत: BBC Hindi