इमेज स्रोत, ATTA KENARE/AFP via Getty Images स्विट्ज़रलैंड में ईरान और अमेरिका की बातचीत ख़त्म हो गई है, जिसके बारे में ईरानी वार्ताकार मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने जानकारी दी है. ग़ालिबाफ़ ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी से नाराज़ होकर बैठक छोड़कर चले गए थे, जिसके बाद अमेरिकी पक्ष ने मध्यस्थों के ज़रिए एक और बैठक की मांग की. ईरान के हैदराबाद कॉन्सुलेट ने ग़ालिबाफ़ की एक वीडियो क्लिप शेयर किया है, जिसमें वो मीडिया से बात कर रहे हैं. ग़ालिबाफ़ कहते हैं, "80 मिनट की बातचीत के बाद मुझे पता चला कि ट्रंप ने हमारे राष्ट्रपति, हमारी वार्ता टीम और हमारे इलाक़े पर हमले की धमकी दी है." "मैंने अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी से कहा कि हम यहां बातचीत के लिए आए हैं. समझौते की पहली शर्त में साफ़ लिखा है कि कोई धमकी या दबाव नहीं होना चाहिए. लेकिन आज आपके राष्ट्रपति ने धमकी दी है. यह जान लो कि हम धमकी या दबाव में बातचीत नहीं करते." ग़ालिबाफ़ ने आगे बताया, "हमने बातचीत ख़त्म की, मीटिंग से बाहर निकल गए और वापस नहीं गए. बाद में अमेरिकी पक्ष ने मध्यस्थों के ज़रिए एक और बैठक की मांग की, लेकिन हमने मना कर दिया. क़तरी और पाकिस्तानी मध्यस्थ हमारे पास आए, और हमने उनसे कहा कि हम उनसे बात करेंगे, लेकिन सीधे अमेरिकी पक्ष से नहीं." उन्होंने बताया कि चर्चाओं का नतीजा वही निकला जिसके बारे में पाकिस्तान और क़तर ने साझा बयान जारी किया है. इमेज स्रोत, Bonnie Cash/UPI/Bloomberg via Getty Images अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसराइल और लेबनान के बीच बढ़ते तनाव पर कहा है कि वह इस मुद्दे का हल निकाल लेंगे. यह बयान तब आया जब इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने सार्वजनिक तौर पर कहा कि उनकी सेना लेबनान से नहीं निकलेगी. दरअसल, ट्रंप से सोमवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान एक रिपोर्टर ने पूछा कि नेतन्याहू को ऐसा करने से रोकने के लिए आप क्या करेंगे? इस पर ट्रंप ने जवाब दिया, "मैं आपको नहीं बताऊंगा कि मैं क्या करने वाला हूं, लेकिन यह मुद्दा सुलझ जाएगा. मैं प्रॉब्लम सॉल्वर हूं. मैं बहुत जल्दी समस्याएं हल कर देता हूं, बीबी (नेतन्याहू) के साथ भी." इससे पहले यरूशलम में जेएनएस समिट को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने कहा था कि वो हर उस काम को नहीं करते जो ट्रंप चाहते हैं. नेतन्याहू ने कहा था कि लोग समझते हैं कि वो और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक-दूसरे के मुताबिक़ काम करते हैं, जबकि ऐसा नहीं है. गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते में लेबनान में समेत सभी मोर्चों पर युद्ध रोकने की बात कही गई थी. लेकिन इसके बाद भी इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच झड़प जारी रही थी. संबंधित कहानी: नेतन्याहू ने कहा, 'मैं वह हर काम नहीं करता जो ट्रंप चाहते हैं' इमेज स्रोत, Deepak Gupta/Hindustan Times via Getty Images लखनऊ के अलीगंज इलाक़े में एक इमारत में आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई. इस मामले में पुलिस ने सोमवार देर रात को चार लोगों को गिरफ़्तार किया है. समाचार एजेंसी पीटीआई ने पुलिस के हवाले से बताया कि गिरफ़्तार किए गए लोगों की पहचान राम कृष्ण उपाध्याय, वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला, तुषार कृष्ण जायसवाल और सुरेश कुमार साहू के रूप में हुई है. अधिकारियों ने बताया कि अभियुक्त इमारत के संयुक्त मालिक हैं. पुलिस के मुताबिक़, अलीगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और उत्तर प्रदेश फ़ायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज एक्ट से जुड़ी धाराओं के तहत छह नामज़द लोगों और अन्य के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज की गई है. इसके अलावा, उत्तर प्रदेश सरकार ने बयान जारी कर बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. आरोप है कि इमारत को रहने के लिहाज से मंज़ूरी मिली थी, लेकिन इसका ग़ैरक़ानूनी तरीक़े से व्यावसायिक कामों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. अलीगंज एसीपी शशि प्रकाश मिश्रा ने पीटीआई को बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी. संबंधित कहानी: 'खिड़कियों से बचाने की गुहार लगा रहे थे': लखनऊ की इमारत में आग लगने से 15 बच्चों की मौत फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 में 22 जून का दिन एक बार फिर अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी और फ़्रांस के सुपरस्टार किलियन एम्बापे के नाम रहा. दोनों ने ज़बरदस्त प्रदर्शन करके अपनी-अपनी टीमों को जीत दिलाई. अर्जेंटीना और फ़्रांस दोनों ही अपने शुरुआती दो-दो मैच जीतकर अब अपने-अपने ग्रुप में टॉप पर पहुंच गई हैं और अगले दौर में पहुंचने की उनकी संभावनाएं बेहद बढ़ गई हैं. इंगलवुड के सोफ़ी स्टेडियम में ग्रुप जे के एक मैच में अर्जेंटीना और ऑस्ट्रिया की टीमें आमने-सामने थीं. सबकी नज़रें थी अर्जेंटीना के कप्तान और स्टार लियोनेल मेसी पर. वो मैच से पहले कुल वर्ल्ड कप मैचों में 16 गोल करके मिरोस्लाव क्लोसा के रिकॉर्ड की बराबरी कर चुके थे. ऑस्ट्रिया के ख़िलाफ़ भी उनका जलवा दिखा. हालांकि, वो एक पेनल्टी मिस कर गए और मैदान में मौजूद अर्जेंटीना के समर्थकों में निराशा फैल गई. लेकिन जल्द ही टीम ने ज़बरदस्त वापसी की. मेसी ने मैच के 38वें मिनट में एक गोल किया और मैच के आख़िरी लम्हों में भी एक गोल करके अपनी टीम को 2-0 से जीत दिला दी. इन दो गोल के साथ ही वो वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज़्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. अब उनके नाम 18 गोल हैं. दूसरी ओर फ़्रांस के सुपरस्टार किलियन एम्बापे भी उनसे ज़्यादा पीछे नहीं रहे. ग्रुप आई के एक मैच में फ़्रांस ने इराक़ को आसानी से 3-0 से हरा दिया और 6 अंकों के साथ अपने ग्रुप में टॉप पर पहुंच गई. एम्बापे ने 14वें और 54वें मिनट में गोल दागे जबकि फ़्रांस के लिए तीसरा गोल उस्मान डेंबले ने किया. फ़्रांस भी 6 अंकों के साथ अपने ग्रुप में टॉप पर पहुंच गई है. एम्बापे के अब विश्व कप मैचों में कुल 16 गोल हो चुके हैं. इमेज स्रोत, Foad Ashtari/SOPA Images/LightRocket via Getty Image ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान मंगलवार को पाकिस्तान के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे. इसकी पुष्टि पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने की है. बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, मसूद पेज़ेश्कियान अपने दौरे के दौरान पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी और प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से मुलाक़ात करेंगे. इसके अलावा वह सीनेट के चेयरमैन, नेशनल असेंबली के स्पीकर और विदेश मंत्री इस्हाक़ डार से भी मिलेंगे. बतौर राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान का यह दूसरा पाकिस्तान दौरा होगा. मंत्रालय ने जानकारी दी, "इस दौरे में पाकिस्तान और ईरान द्विपक्षीय संबंधों की पूरी समीक्षा करेंगे. व्यापार, ऊर्जा, सीमा सुरक्षा और क्षेत्रीय जुड़ाव के नए रास्तों पर चर्चा करेंगे." यह दौरा इसलिए भी अहम है, क्योंकि हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच समझौते पर दस्तख़त हुए हैं और स्विट्ज़रलैंड में दोनों पक्षों की बैठक भी हुई. इस दौरान पाकिस्तान ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई है. संबंधित कहानी: अमेरिका-ईरान समझौते में पाकिस्तान की बढ़ी अहमियत, क्या भारत के लिए है इसमें कोई सबक बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें. - 'खिड़कियों से बचाने की गुहार लगा रहे थे': लखनऊ की इमारत में आग लगने से 15 बच्चों की मौत - 'सफल हुआ ऑपरेशन टाइगर': उद्धव ठाकरे का साथ छोड़कर एकनाथ शिंदे के साथ गए छह सांसद - किएर स्टार्मर ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद से इन वजहों से दिया इस्तीफ़ा - एंडी बर्नहैम: 'किंग ऑफ़ द नॉर्थ' जो बनना चाहते हैं ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री - उत्तराखंड के नगरासू गुरुद्वारे में निहंग सिखों ने ख़ुद को छत पर क्यों बंद किया?
स्रोत: BBC Hindi