तृणमूल कांग्रेस के नेता जहांगीर खान (TMC) को छुड़ाने के लिए पुलिस स्टेशन पर हमला करने वालों को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सख्त चेतावनी दी है. शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा पुलिस थाने पर धावा बोलकर हवालात में बंद टीएमसी नेता को छुड़ाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि न सिर्फ इन लोगों को जेल में डाला जाएगा, बल्कि इनकी संपत्तियां जब्त करके नीलामी की जाएगी.
इस घटना के सिलसिले में अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और पुलिस ने इस हमले के लिए जहांगीर खान की पत्नी को मुख्य साजिशकर्ता बताया है. जहांगीर खान को रंगदारी समेत विभिन्न आरोपों में मामला दर्ज होने के बाद 8 आठ जून को उत्तरी बंगाल में भारत-नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया था.
बुधवार (17 जून, 2026) को फाल्टा में राज्य सरकार के जनसंपर्क कार्यक्रम ‘जनकल्याण शिविर’ को संबोधित करते हुए सीएम शुभेंदु अधिकारी ने इस घटना का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों पर हमले के वीडियो में दिख रहे किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'मैं मंगलवार को कर्सियांग में था. मैंने टेलीविजन पर देखा कि माफिया की पत्नी के नेतृत्व में कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों पर हमले की कोशिश की. फाल्टा में कानून का शासन है. कोई माफिया कितना भी बड़ा क्यों न हो, भाजपा सरकार उन्हें सबक सिखाएगी.'
स्रोत: ABP Hindi