कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक शख़्स को पहले गले लगा कर शाल ओढ़ा कर सम्मानित किया और फिर झुक कर उनके पांव छुए. वो शख़्स हैं माखनलाल सरकार जिन्हें पश्चिम बंगाल में बीजेपी का सबसे बुज़ुर्ग कार्यकर्ता माना जाता है. वो साल 1952 में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की ऐतिहासिक कश्मीर यात्रा के दौरान उनके साथ रहे हैं. वो लंबे समय से राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े रहे हैं और जेल भी जा चुके हैं. साल 1980 में बीजेपी की स्थापना के बाद उन्होंने बंगाल में पार्टी और संगठन के विस्तार में काफी अहम भूमिका निभाई थी. वो संगठन की सिलीगुड़ी ज़िला शाखा के संस्थापक अध्यक्ष रहे हैं. सिलीगुड़ी में काम करने के दौरान तत्कालीन पश्चिम दिनाजपुर, दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी ज़िले में संगठन के संयोजक के तौर पर काम करते हुए उन्होंने महज एक साल के बीतर दस हजार नए सदस्य बनाए थे. माखन लाल सरकार उस समय से बंगाल में संगठन का काम कर रहे हैं जब राज्य में संघ या भाजपा का अस्तित्व लगभग नहीं के बराबर था. प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने बीते साल अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद सिलीगुड़ी में माखनलाल के घर जाकर उनको सम्मानित किया था. फिलहाल उनकी उम्र करीब 98 साल है. सिलीगुड़ी के एक बीजेपी नेता तरुण मंडल कहते हैं, "माखन लाल अस्सी के दशक से ही बंगाल में संगठन के सफ़र के गवाह रहे हैं और इसमें उनकी अहम भूमिका रही है. प्रचार की चकाचौंध से हमेशा दूर रहते हुए वो इलाके में संगठन की जड़ें सींचने और मजबूत करने में जुड़े रहे हैं." बंगाल चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद वो सुर्खियों में आए थे. तब पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया था कि सिलीगुड़ी में उन्होंने गो-हत्या बंद कराई थी. बंगाल में भाजपा की इस जीत से आप कितना खुश हैं? इस सवाल पर सरकार ने कहा था, "मैं बेहद खुश हूं. मेरे जीवन भर की मेहनत कामयाब हुई है." उनका कहना था कि सिलीगुड़ी सीट पर उन्होंने ही शंकर घोष की उम्मीदवारी का फैसला किया था. वो कहते हैं, "अगर मैं ऐसा नहीं करता तो सिलीगुड़ी में भाजपा की जीत संभव नहीं थी." मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ. शनिवार, नौ मई को शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कई नेताओं की मौजूदगी में बांग्ला भाषा में शपथ ली. उनके साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निशिथ प्रमाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली. ये राज्य में पहली बीजेपी सरकार है. शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नेता अमित शाह की मौजूदगी में हुई विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया. इसके बाद शुक्रवार शाम उन्होंने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया. ये राज्य में पहली बीजेपी सरकार होगी. चार मई को आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी ने 293 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की. बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़ रूम की ओर से प्रकाशित (बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
स्रोत: BBC Hindi