इमेज स्रोत, Rasid Necati Aslim/Anadolu via Getty Images पाकिस्तान में शुक्रवार को पेट्रोल और हाई स्पीड डीज़ल की क़ीमतों इज़ाफ़ा हुआ. पाकिस्तान की सरकार ने पेट्रोल की क़ीमत 14.92 पाकिस्तानी रुपये और हाई स्पीड डीज़ल की क़ीमत 15 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी. इस बढ़ोतरी के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की क़ीमत 414.78 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और हाई स्पीड डीज़ल की क़ीमत 414.58 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है. पेट्रोलियम डिवीजन की प्रेस रिलीज़ में बताया गया कि नई क़ीमतें 9 मई से लागू होंगी. मार्च में पेट्रोल की क़ीमत 255 पाकिस्तानी रुपये थी, लेकिन इसके बाद इसकी क़ीमतों को पांच बार बढ़ाया गया. यानी दो महीने में पेट्रोल 60 प्रतिशत से ज़्यादा महंगा हो गया है. भारत सरकार ने लेफ़्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि को नया चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ़ (सीडीएस) नियुक्त किया है. साथ ही वो डिपार्टमेंट ऑफ़ मिलिट्री अफ़ेयर्स के सचिव भी रहेंगे. रक्षा मंत्रालय ने एक्स पोस्ट में जानकारी देते हुए बताया है कि मौजूदा चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ़ जनरल अनिल चौहान 30 मई 2026 तक अपना कार्यकाल पूरा करेंगे. लेफ़्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि भारतीय सेना के बेहद सीनियर ऑफ़िसर हैं, उन्हें क़रीब 4 दशक का अनुभव है. 2025 से नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सचिवालय में मिलिट्री एडवाइज़र के तौर पर काम कर रहे हैं. इससे पहले वो वाइस चीफ़ ऑफ़ द आर्मी स्टाफ़ और जीओसी-इन-सी, सेंट्रल कमांड रहे. उन्होंने पश्चिमी और उत्तरी मोर्चों पर अहम ऑपरेशनल फ़ॉर्मेशन की कमान भी संभाली है. वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन होंगे नौसेना प्रमुख रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भारत सरकार ने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को देश का नया नौसेना प्रमुख नियुक्त किया है. वह 31 मई से भारतीय नौसेना के चीफ़ ऑफ़ नेवल स्टाफ़ का पद संभालेंगे. वर्तमान में वह भारतीय नौसेना की वेस्टर्न नेवल कमांड, मुंबई के कमांडर हैं. इमेज स्रोत, Ilia YEFIMOVICH / AFP via Getty Images अमेरिका और ईरान की लड़ाई रुकवाने में पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है. लेकिन इसराइल पाकिस्तान की इस भूमिका से खु़श नज़र नहीं आ रहा है. इसराइल के मुंबई में काउंसल जनरल यानिव रेवाच ने कहा है, "मुझे नहीं लगता कि मेरी सरकार इस बात से खु़श है कि ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान बातचीत करवा रहा है." उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "इसराइल पाकिस्तान के साथ कोई बातचीत नहीं कर रहा. अमेरिका और राष्ट्रपति ट्रंप ही इस बातचीत को आगे बढ़ा रहे हैं. हम इस मामले में इसराइल की सुरक्षा से जुड़े हितों का ध्यान रखने के लिए अमेरिकी सरकार पर भरोसा करते हैं." अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के नेता मध्यस्थता करने के लिए पाकिस्तान का आभार व्यक्त कर चुके हैं. दोनों देशों ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बातचीत के लिए अपने प्रतिनिधि भी भेजे थे. इस बातचीत में इसराइल का कोई प्रतिनिधि नहीं था. संबंधित कहानी: पाकिस्तान कैसे बना अमेरिका‑ईरान शांति वार्ता का मंच: पर्दे के पीछे की बड़े दांव वाली कूटनीति इमेज स्रोत, Jim WATSON / AFP via Getty Images अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया है कि रूस और यूक्रेन के बीच तीन दिन का युद्धविराम हुआ है. उनके मुताबिक़, 9 से 11 मई तक दोनों देशों के बीच सीज़फ़ायर रहेगा. डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी बताया कि इस युद्धविराम के दौरान दोनों देशों से 1,000-1,000 क़ैदियों की अदला-बदली भी होगी. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मुझे यह बताते हुए ख़ुशी हो रही है कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में 9, 10 और 11 मई को तीन दिन का युद्धविराम होगा. रूस में विक्ट्री डे का जश्न है, यूक्रेन में भी जश्न है क्योंकि वो भी द्वितीय विश्व युद्ध का हिस्सा थे." "इस युद्धविराम में सभी लड़ाई की गतिविधियों को रोकना शामिल होगा, दोनों देशों से 1,000-1,000 क़ैदियों की अदला-बदली भी होगी. मेरे इस अनुरोध पर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने सहमति दी, उनका आभारी हूं." उन्होंने आगे लिखा, "उम्मीद है कि यह लंबे, जानलेवा और मुश्किल युद्ध के अंत की शुरुआत है. यह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़ा संघर्ष है, इसको ख़त्म करने पर बातचीत जारी है." दूसरी ओर, अमेरिका और ईरान के बीच हाल के हमलों से तनातनी बढ़ गई है. दोनों एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं. अमेरिका का कहना है कि उन्होंने जवाबी हमला किया था. जबकि ईरान ने अमेरिका पर युद्धविराम तोड़ने का आरोप लगाया. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. - विजय ने राज्यपाल से तीसरी बार की मुलाक़ात, सरकार बनाने का दावा किया पेश - मिलिए मुंह में कलम दबाकर लिखने वाले फ़ैज़ानउल्ला से, जो बने 10वीं बोर्ड के 'टॉपर' - सोशल मीडिया से लेकर बच्चों से भावुक अपील तक, विजय ने ऐसे तैयार की राजनीतिक ज़मीन - शुभेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री, अमित शाह ने किया एलान
स्रोत: BBC Hindi