अप्रैल से ही गर्मी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 15 राज्यों में तूफानी बारिश के साथ आंधी का भी अलर्ट जारी किया है. उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश सहित पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा पश्चिमी मध्य प्रदेश और विदर्भ के साथ-साथ छत्तीसगढ़, पूर्वी यूपी, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के साथ लू चलने की भी चेतावनी जारी की गई है.
दिल्ली में आज सोमवार (20 अप्रैल) को अधिकतम तापमान 39 डिग्री से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 से 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के आस-पास बना रहेगा. सुबह के समय 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के मुताबिक 21 अप्रैल को भी मौसम में खास बदलाव नहीं रहने की संभावना है.
यूपी का मौसम
IMD ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर, जौनपुर, देवरिया, गोरखपुर में 20 और 21 अप्रैल को लू चलने का अलर्ट जारी किया है. प्रयागराज, वाराणसी, सुल्तानपुर, आगरा, बाराबंकी, बहराइच, शाहजहांपुर और हरदोई सहित शहरों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है, जो लू की शुरुआत स्थिति है.
स्रोत: ABP Hindi