हैदराबाद में आयकर विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोल्ड मैन के नाम से चर्चित एक व्यक्ति के पास से करीब 700 ग्राम बेहिसाबी सोना जब्त किया है. यह मामला नए आयकर कानून के तहत की गई पहली बड़ी कार्रवाई के रूप में भी देखा जा रहा है.
आयकर विभाग ने अहम कार्रवाई करते हुए यदगिरी चिन्ना गौड़ उर्फ दरगाह चिन्ना पहलवान के पास से ये सोना जब्त किया है. अधिकारियों के अनुसार संबंधित व्यक्ति इस सोने के स्रोत के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई. आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई नए आयकर अधिनियम 2025 की धारा 247 के तहत की गई पहली प्रमुख कार्रवाई मानी जा रही है. इस कारण यह मामला और भी महत्वपूर्ण हो गया है.
आय के स्रोतों से मेल नहीं खाती सोने की मात्रा
विभाग ने बताया कि जांच के दौरान यह पाया गया कि व्यक्ति के पास मौजूद सोने की मात्रा उसके घोषित आय स्रोतों से मेल नहीं खाती. बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले की शुरुआत सोशल मीडिया प्रोफाइलिंग के जरिए हुई. अधिकारियों ने संदिग्ध गतिविधियों और जीवनशैली पर नजर रखते हुए वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं. इसके बाद आयकर विभाग ने कार्रवाई करते हुए सोना जब्त कर लिया.
गोल्ड मैन के नाम से मशहूर हैं यदगिरी चिन्ना गौड़
‘गोल्ड मैन’ के नाम से मशहूर यदगिरी चिन्ना गौड़ अक्सर भारी मात्रा में सोने के आभूषण पहनने के कारण चर्चा में रहता था. सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीरें और वीडियो भी काफी वायरल होते रहे हैं, जिनमें वह सोने से लदा हुआ दिखाई देता था. आयकर विभाग अब इस मामले की गहराई से जांच कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि यह सोना किस तरह से अर्जित किया गया. अगर आगे भी कोई अवैध आय या संपत्ति का पता चलता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कार्रवाई एक संदेश है कि अब आयकर विभाग सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रख रहा है और किसी भी तरह की आय छिपाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. फिलहाल जब्त किए गए सोने को विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की जांच जारी है.
स्रोत: ABP Hindi