Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

Tamil Nadu: घरेलू हिंसा से तंग आकर पत्नी ने सोते हुए पति को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Tamil Nadu News: तमिलनाडु के सलेम के अम्मापेट्टई नंजमपट्टी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू हिंसा से परेशान एक महिला ने अपने ही पति की हत्या कर दी. मृतक की पहचान 40 साल के थंगम के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसकी 34 साल की पत्नी पद्मा है.

पत्नी के चरित्र पर करता था शक

जानकारी के मुताबिक, थंगम बिस्तर बुनने का काम करता था और उसने प्रेम विवाह कर पद्मा से शादी की थी. उनके दो बेटे और एक बेटी हैं. बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही थंगम शराब पीकर अक्सर घर आता था और छोटी-छोटी बातों पर पत्नी से झगड़ा करता था. धीरे-धीरे उसने पद्मा के चरित्र पर शक करना शुरू कर दिया और उसे प्रताड़ित करना उसकी आदत बन गई.

बताया गया है कि 16 तारीख को थंगम की मां का निधन हो गया था. इस दौरान पद्मा ससुराल पक्ष के लोगों से मिलने और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए नंजमपट्टी गई, लेकिन थंगम इस पर भी शक करता था. वह उसे अपमानित करता और कई बार बुरी तरह मारपीट करता था, जिससे पद्मा मानसिक और शारीरिक रूप से टूट चुकी थी.

सो रहे थंगम पर पत्नी ने किया हमला

घटना वाली रात बच्चे सो रहे थे और थंगम नशे की हालत में सो गया था. इसी दौरान गुस्से से भरी पद्मा ने घर में पड़ा भारी कुज़वी पत्थर उठाया और सो रहे थंगम के सिर पर वार कर दिया. इस हमले में थंगम का सिर कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सलेम सरकारी अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने आरोपी पद्मा को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह लंबे समय से पति की प्रताड़ना सह रही थी और उसी गुस्से में आकर उसने यह कदम उठाया. 

स्रोत: ABP Hindi