आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड के सामने 254 रन की चुनौती रखी है. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 253 रन बनाए. भारत के लिए संजू सैमसन ने 42 गेंद में 89 रन की पारी खेली. इसके अलावा ईशान किशन ने 39 और शिवम दुबे ने 43 रन का योगदान दिया. हार्दिक पंड्या ने 26 रन की पारी खेलकर स्कोर को 250 के पार करवाने में अहम भूमिका निभाई. भारतीय बल्लेबाजों के सामने इंग्लैंड के गेंदबाज बेअसर साबित हुए. आर्चर ने चार ओवर में 69 रन खर्च किए और उन्हें एक विकेट ही मिला. विल जैक्स और आदिल रशीद को हालांकि दो-दो विकेट मिले. टॉस गंवाने के बाद संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने जोफ्रा आर्चर के पहले ओवर में ही 12 रन स्कोर कर अच्छी शुरुआत दिलाने की कोशिश की. लेकिन दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर विल जैक्स ने अभिषेक शर्मा का विकेट लिया. अभिषेक शर्मा अपनी पारी को 9 रन से आगे नहीं बढ़ा पाए. संजू सैमसन और ईशान किशन ने हालांकि जल्दी विकेट गिरने का असर रनों की रफ्तार पर नहीं आने दिया और 4.3 ओवर में ही टीम के स्कोर को 50 के पार पहुंचा दिया. संजू और ईशान की बदौलत भारत ने पावरप्ले में 67 रन स्कोर किए. इसके बाद भी दोनों खिलाड़ियों ने तेजी से रन बनाना जारी रखा. इसी बीच संजू सैमसन ने 26 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी की. 8.3 ओवर में ही भारत का स्कोर 100 के पार हो गया. हालांकि 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर आदिल रशीद ने किशन और संजू की पार्टनरशिप को ब्रेक किया. किशन ने आउट होने से पहले 18 गेंद पर 39 रन बनाए. संजू और किशन के बीच दूसरे विकेट के लिए 45 गेंद पर 97 रन की पार्टनरशिप हुई. किशन के आउट होने के बाद भी संजू सैमसन ने दूसरे छोर से रन बनाना जारी रखा और इस कड़ी में उन्हें शिवम दुबे का अच्छा साथ मिला. हालांकि संजू इस मैच में भी शतक पूरा नहीं कर पाए. वह 42 गेंद में 89 रन बनाकर आउट हुए. उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. कप्तान सूर्यकुमार कुछ खास नहीं कर पाए और 11 रन बनाकर आदिल रशीद की गेंद पर स्टंप आउट हुए. आदिल रशीद ने चार ओवर में 41 रन देकर दो विकेट लिए. लेकिन जो शुरुआत संजू सैमसन और ईशान किशन ने दिलाई थी, उसको शिवम दुबे ने आगे बढ़ाया. लेकिन शिवम दुबे 25 गेंद में 43 रन बनाकर आउट हो गए. तिलक वर्मा ने आखिरी ओवर्स में 7 गेंद पर 21 रन बनाए. उनकी पारी में तीन छक्के शामिल रहे. वहीं हार्दिक पंड्या ने 12 गेंद में 27 रन की पारी खेली. भारत 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 253 रन बनाने में कामयाब रहा. मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ. इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं हुआ है. इंग्लैंड की टीम में हालांकि इस मैच के लिए एक बदलाव हुआ है. इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने बताया है कि प्लेइंग 11 में आज रेहान की जगह ओवर्टन आए हैं. भारत: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती. इंग्लैंड: फ़िल सॉल्ट, जॉस बटलर, हैरी ब्रूक (कप्तान), जेकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवर्टन, लियम डॉसन, जोफ़्रा आर्चर, आदिल रशीद. वहीं न्यूजीलैंड ने बुधवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से मात देकर फाइनल में जगह बना ली. भारत और इंग्लैंड में से जो भी टीम आज के मैच में जीत दर्ज करने में कामयाब होगी 8 मार्च को वो फाइनल में न्यूजीलैंड की चुनौती का सामना करेगी. आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है. बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
स्रोत: BBC Hindi