इमेज स्रोत, Matt Roberts-ICC/ICC via Getty टी20 वर्ल्ड कप के एक लीग मुक़ाबले में इंग्लैंड को वेस्ट इंडीज़ के हाथों 30 रन से हार झेलनी पड़ी है. हार के बाद कप्तान हैरी ब्रुक ने कहा कि इंग्लैंड के बल्लेबाज़ "कुछ ज़्यादा ही सावधान" रहे. वेस्ट इंडीज़ ने इंग्लैंड के सामने 196 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. वेस्ट इंडीज़ के लिए शेरफ़ोन रदरफ़ोर्ड ने सबसे अधिक 76 रन (42 गेंद में) बनाए. 197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी रही. लेकिन इंग्लैंड ने बीच के ओवरों में स्पिन के ख़िलाफ़ अपने छह विकेट गंवा दिए और टीम 19 ओवर में 166 रन पर ऑल आउट हो गई. इंग्लैंड की ओर से सैम करन ने सबसे अधिक 43 रन की पारी खेली. वह नॉट आउट रहे. मैच के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक ने कहा, "क़रीब 200 रन का पीछा करना हमेशा मुश्किल होता है और हमें लगा था कि पिच थोड़ी बेहतर हो जाएगी और गेंद बल्ले पर थोड़ा और आसानी से आएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ." उन्होंने कहा, "शायद हम थोड़े ज़्यादा सावधान थे, और इसमें मैं ख़ुद भी शामिल हूं." हैरी ब्रुक 17 रन बनाकर वेस्ट इंडीज़ के स्पिनर गुडकेश मोती की गेंद पर उन्हीं के हाथों कैच आउट हुए. ब्रुक ने कहा, "मैं आज जिस तरह आउट हुआ, उससे बेहतर होता कि बाउंड्री पर कैच आउट हो जाता." गुडकेश मोती ने वेस्ट इंडीज़ के लिए सबसे अधिक तीन विकेट झटके. उन्होंने अपने चार ओवरों में 33 रन खर्चे. इमेज स्रोत, Brendan SMIALOWSKI / AFP via Getty कनाडा पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए टैरिफ़ के विरोध में अमेरिकी कांग्रेस (संसद) में वोटिंग हुई है. इससे जुड़ा प्रस्ताव 'हाउस ऑफ़ रिप्रज़ेंटेटिव्स' में पास हुआ है. कनाडा पर ट्रंप के टैरिफ़ को रद्द करने से जुड़ा प्रस्ताव 219-211 वोटों से पास हुआ है. इस दौरान क्रॉस वोटिंग भी हुई. ट्रंप की पार्टी यानी रिपब्लिकन पार्टी के छह सांसदों ने प्रस्ताव के समर्थन में वोट दिया है, जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी के एक सांसद ने प्रस्ताव के ख़िलाफ़ वोटिंग की है. वोटिंग के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए रिपब्लिकन सांसदों को चेतावनी दी कि जो भी टैरिफ़ के ख़िलाफ़ वोट करेगा, उसे चुनाव के समय 'गंभीर नतीजे' भुगतने पड़ेंगे. ट्रंप का कहना है कि कनाडा ने कई वर्षों तक व्यापार के मामले में अमेरिका का 'फ़ायदा उठाया' है. उन्होंने कनाडा पर कई तरह के टैरिफ़ लगाए हैं. हाल ही में कनाडा और चीन के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते के जवाब में ट्रंप ने कनाडा पर 100 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की धमकी दी है. अब यह प्रस्ताव अमेरिकी संसद के दूसरे सदन यानी सीनेट में जाएगा, जहां रिपब्लिकन पार्टी का बहुमत है. भले ही यह सीनेट से भी पास हो जाए, फिर भी इसके क़ानून बनने की संभावना कम ही है. इमेज स्रोत, Sajjad HUSSAIN / AFP via Getty बांग्लादेश में आज (गुरुवार) 12 करोड़ से अधिक लोग नई सरकार चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं. देशभर में मतदान शुरू हो चुका है और यह स्थानीय समयानुसार शाम 04:30 बजे तक चलेगा. यह 2024 में हुए आंदोलन के बाद पहला चुनाव है. इस युवा-नेतृत्व वाले आंदोलन ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को सत्ता से हटा दिया था. नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में एक अंतरिम सरकार हसीना के देश छोड़ने के बाद से बांग्लादेश का संचालन कर रही है. इस आंदोलन के दौरान कम से कम 1,400 प्रदर्शनकारियों की मौत हुई थी. शेख़ हसीना पर प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई का सीधा आदेश देने का आरोप है, जिसे वह खारिज करती रही हैं. पिछले साल नवंबर में बांग्लादेश की एक अदालत ने मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों के मामले में शेख़ हसीना को मौत की सज़ा सुनाई थी. उनकी पार्टी अवामी लीग पर इस चुनाव में हिस्सा लेने को लेकर प्रतिबंध लगाया गया है. इस चुनाव में अब बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी और इस्लामी दल जमात-ए-इस्लामी के बीच मुक़ाबला है. जमात-ए-इस्लामी ने छात्र आंदोलन से उभरी एक पार्टी के साथ गठबंधन किया है. लोग नई सरकार के लिए वोट दे रहे हैं और साथ ही संविधान में बदलाव के लिए जनमत संग्रह में भी हिस्सा ले रहे हैं. कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में हुई एक गोलीबारी की घटना में आठ लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हैं. इस मामले में पुलिस ने 18 साल के एक शख़्स की पहचान संदिग्ध के तौर पर की है. पुलिस ने बताया कि संदिग्ध जेसी वैन रूटसेलार घटनास्थल पर मृत पाए गए. उनके शरीर पर ख़ुद को गोली मारने के कारण चोट के निशान थे. हमले का मकसद अब तक स्पष्ट नहीं है. टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में छह लोगों की मौत हुई और कम से कम 25 अन्य घायल हुए. दो अन्य लोग पास के एक घर में मृत पाए गए. इनमें संदिग्ध की 39 वर्षीय मां और 11 वर्षीय सौतेला भाई शामिल हैं. अधिकारियों ने बताया कि वैन रूटसेलार जन्म से पुरुष थे, लेकिन वह ख़ुद की पहचान महिला के रूप में करती थीं. रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस के डिप्टी कमिश्नर ड्वेन मैकडॉनल्ड ने कहा, "मैं कह सकता हूं कि जेसी पुरुष के रूप में जन्में, जिन्होंने लगभग छह साल पहले महिला के रूप में बदलाव की प्रक्रिया शुरू की थी." मैकडॉनल्ड ने बताया कि पास के घर में गोलीबारी पहले हुई, उसके बाद संदिग्ध स्कूल गया. स्कूल में मारे गए लोगों में 39 वर्षीय एक शिक्षिका, तीन 12 वर्षीय छात्राएं और दो छात्र शामिल हैं, जिनमें एक की उम्र 12 वर्ष और दूसरे की 13 वर्ष थी. अधिकारियों का मानना है कि गोलीबारी की इन घटनाओं में कोई अन्य संदिग्ध शामिल नहीं है. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें. - 'एपस्टीन से तीन या चार बार हुई थी मुलाक़ात' राहुल के आरोपों के बाद बोले हरदीप पुरी, कांग्रेस ने पूछे छह सवाल - राजपाल यादव की मदद को आगे आए सलमान ख़ान और अजय देवगन, अब तक किन लोगों ने किया वादा? - भारत और मलेशिया के नज़दीक आने का पाकिस्तान पर क्या असर होगा? - अफ़ग़ानिस्तान बनाम दक्षिण अफ़्रीका: गुरबाज़ की दिलेरी और मिलर के धमाकों के बीच डबल सुपर ओवर में हुआ मैच का फ़ैसला - बांग्लादेश के आम चुनावों पर क्यों टिकी हैं भारत की निगाहें
स्रोत: BBC Hindi