भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया है कि 2-4 फ़रवरी के अपने अमेरिका दौरे के दौरान उन्होंने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ द्विपक्षीय बैठक की. न्यूज़ एजेंसी एएनआई की ओर से भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा, "यह सीधे तौर पर मेरे साथ नहीं था, क्योंकि इसे वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल संभाल रहे हैं." "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बातचीत हुई थी, जिसमें से कुछ घोषणाएं हुईं. उसके बाद, जैसा कि हम बात कर रहे हैं, व्यापार बातचीत की डिटेलिंग चल रही है." एस जयशंकर बुधवार को अमेरिका में क्रिटिकल मिनरल्स पर हुई एक बैठक में शामिल हुए. उन्होंने कहा, "मैं यहां (अमेरिका में) क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्ट्रियल में शामिल होने आया हूं, जिसे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और कई देशों ने बुलाया था, लगभग 50 देश यहां थे." "क्रिटिकल मिनरल्स एक बहुत ही महत्वपूर्ण विषय है, अमेरिका कुछ सालों से हमारा पार्टनर रहा है...मेरे लिए, यह एक प्रोडक्टिव और नतीजे देने वाली बैठक थी." अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ अपनी मुलाक़ात पर जयशंकर ने कहा, "हमने अपने द्विपक्षीय सहयोग की विस्तार से समीक्षा की. हमारी बातचीत का एक बड़ा हिस्सा द्विपक्षीय मुद्दों पर केंद्रित था." "हमने इंडो-पैसिफिक, पश्चिम एशिया, मध्य पूर्व, ग़ज़ा में क्या हो रहा है, यूक्रेन संघर्ष पर बात की. पश्चिमी गोलार्ध में क्या हो रहा है, इसकी वैश्विक समीक्षा भी हुई. एक तरह से हमने दुनिया और अपने संबंधों पर चर्चा की और यह बहुत खुली बातचीत थी." ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने जानकारी दी है कि अमेरिका के साथ परमाणु वार्ता शुक्रवार को ओमान में होगी. उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "अमेरिका के साथ परमाणु वार्ता शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे मस्कट (ओमान की राजधानी) में होने वाली है." "सभी ज़रूरी इंतज़ाम करने के लिए मैं अपने ओमान के भाइयों का आभारी हूं." इससे पहले, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा था कि अगर ईरान इस हफ़्ते बातचीत चाहता है, तो अमेरिका तैयार है. उन्होंने ये भी कहा कि बातचीत में ईरान के न्यूक्लियर और मिसाइल प्रोग्राम को शामिल किया जाना चाहिए. अमेरिका और रूस के बीच न्यूक्लियर हथियारों को कंट्रोल करने वाली एक आख़िरी संधि खत्म हो गई है. 'न्यू स्टार्ट' संधि ने दोनों पक्षों को लगभग पंद्रह सौ लंबी दूरी के वॉरहेड रखने तक सीमित किया था. संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि इस संधि का खत्म होना "अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए एक नाज़ुक क्षण है." उन्होंने अमेरिका और रूस से एक नए समझौते पर बातचीत करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अभी परमाणु हथियारों के इस्तेमाल का ख़तरा दशकों में सबसे ज़्यादा है. इससे पहले, रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि अब वह मानता है कि कोई भी देश 'न्यू स्टार्ट' संधि की शर्तों से बंधा नहीं है, लेकिन वह ज़िम्मेदारी से काम करेगा. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने भारत के ख़िलाफ़ टी-20 वर्ल्ड कप मैच नहीं खेलने के फ़ैसले को दोहराया है. उन्होंने कहा कि देश ने सोच-समझकर ये फ़ैसला किया है. बुधवार को अपनी कैबिनेट को संबोधित करते हुए शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, "टी-20 वर्ल्ड कप जो है, उस हवाले से हमने स्टैंड लिया है कि हम हिंदुस्तान के ख़िलाफ़ मैच नहीं खेलेंगे. पाकिस्तान ने कहा कि ये खेल का मैदान है, ये सियासत नहीं है." "खेल के मैदान में सियासत बिल्कुल नहीं होनी चाहिए. हमने बड़ा सोच-समझकर एक स्टैंड लिया है. इस हवाले हमें बांग्लादेश के साथ पूरी तरह खड़े होना चाहिए. ये बहुत मुनासिब फ़ैसला है." बांग्लादेश ने बीते महीने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में टी-20 वर्ल्ड कप के मैच खेलने से इनकार कर दिया था. इसके बाद उसकी जगह टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) चेयरमैन मोहसिन नक़वी ने आईसीसी के फ़ैसले को 'ग़लत' बताया था और इसे डबल स्टैंडर्ड बताया था. इसके बाद एक फ़रवरी को पाकिस्तान सरकार ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के टी-20 वर्ल्ड कप में 15 फ़रवरी को भारत के ख़िलाफ़ होने वाले मैच का बहिष्कार करने की घोषणा की थी. पाकिस्तान सरकार ने एक्स पर पोस्ट किया था, "इस्लामी गणराज्य पाकिस्तान की सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की मंज़ूरी दे दी है. हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फ़रवरी 2026 को भारत के ख़िलाफ़ निर्धारित मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी." यहां पढ़ें- भारत के ख़िलाफ़ मैच से हटने का पाकिस्तान के टी-20 वर्ल्ड कप सफ़र पर क्या असर पड़ सकता है? बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें. - कोटद्वार की घटना के बाद पहली मुलाक़ात: जब 'मोहम्मद दीपक' और वकील अहमद हुए आमने-सामने - युमनाम खेमचंद कौन हैं जिन्होंने मणिपुर के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है - अमेरिका और भारत की ट्रेड डील में कृषि और डेयरी सेक्टर को लेकर क्या है विवाद
स्रोत: BBC Hindi