तापमान में थोड़ा गिरावट के साथ 22 जनवरी से बारिश के आसार
लखनऊ। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा के दिशा परिवर्तन तथा आसमान में बादलों की उपस्थिति से पिछले 24 घण्टों के दौरान बीती रात प्रदेश में कहीं-कहीं छिटपुट वर्षा के साथ विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान में औसतन 4-6°C की बढ़ोत्तरी के साथ कोहरे के घनत्व में आई कमी के परिणामस्वरूप दिन के अधिकतम तापमान में भी 2-4°C की बढ़त से यह सामान्य से उल्लेखनीय रूप से ऊपर 27°C तक पहुँच जाने से प्रदेश में पड़ रही ठण्ड अचानक विलुप्त हो गई।
यद्यपि उक्त पश्चिमी विक्षोभ से संबद्ध द्रोणी के पूर्वी दिशा में विचरण के साथ ही इसका प्रभाव क्षीण होने तथा हवाओं के पुनः दिशा परिवर्तन से प्रदेश के तापमान में अगले 48 घण्टों के दौरान 2-4°C की सम्भावित क्रमिक गिरावट के बावजूद तापमान के सामान्य के आसपास या इससे अधिक रहने तथा कोहरे में आई कमी कारण ठण्ड से राहत मिली रहने की संभावना है।
तदुपरांत उत्तरोत्तर दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 22 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वर्षा का दौर शुरू होकर आगे आने वाले दिनों में पूर्वी उत्तर प्रदेश तक व्यापक वर्षा होने की संभावना के दृष्टिगत प्रदेश में फ़िलहाल ठण्ड से मिली राहत जारी रहने की संभावना है|