पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Voter List

गोंडा में 18 जनवरी को 2978 बूथों पर होगा मतदाता सूची का वाचन

✍️ Admin 📅 16 January, 2026 ⏰ 04:56 PM 👁 85 views



गोण्डा 16 जनवरी 2026*  -   मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जनपद गोण्डा के सभी 2978 मतदेय स्थलों पर 18 जनवरी 2026 (रविवार) को पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 4:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा आलेख्य निर्वाचक नामावली का पुनः वाचन किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 के अंतर्गत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 6 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। इसके लिए आयोग द्वारा चार विशेष अभियान तिथियां तय की गई हैं— 17 जनवरी (शनिवार), 18 जनवरी (रविवार), 31 जनवरी (शनिवार) और 1 फरवरी (रविवार)। इन तिथियों पर बीएलओ मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर आवेदन स्वीकार करेंगे।

उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों की आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है और जिनका नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वा सकते हैं। मृतक, स्थानांतरित या डुप्लीकेट नाम हटाने के लिए फॉर्म-7, जबकि नाम, पता, आयु आदि में सुधार अथवा एक स्थान से दूसरे स्थान पर नाम स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 जमा किया जा सकता है। ये फार्म संबंधित मतदेय स्थल, मतदाता पंजीकरण केंद्र, तहसील या जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। इसके अलावा ECINET मोबाइल ऐप तथा https://voters.eci.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे अपने कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में सहयोग करें। आयोग का उद्देश्य है कि सभी अर्ह नागरिक पंजीकृत हों, सूची में दर्ज प्रविष्टियों की त्रुटियां दूर हों और कोई भी अनर्ह नाम मतदाता सूची में शेष न रहे।

📤 शेयर करें: