रोवर्स रेंजर्स का पांच दिवसीय प्रशिक्षण एवं जांच शिविर का शुभारंभ
गोण्डा। लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोण्डा में रोवर्स–रेंजर्स का पाँच दिवसीय प्रशिक्षण एवं जाँच शिविर आज से प्रारम्भ हो गया। यह शिविर 13 मार्च से 17 मार्च तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें महाविद्यालय के सभी रोवर एवं रेंजर्स उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्काउटिंग की विभिन्न गतिविधियों एवं सेवाभाव से जुड़े प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
शिविर का उद्घाटन जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विनोद प्रताप सिंह ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अजीत सिंह (उपाध्यक्ष, जिला भारत स्काउट गाइड), जिला आयुक्त श्री ज्ञानेश गुप्ता तथा उपायुक्त श्री चंद्रशेखर भी उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र में वक्ताओं ने रोवर्स–रेंजर्स को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउटिंग का मूल उद्देश्य युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सहयोग की भावना विकसित करना है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों को सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करते हैं और उनमें टीम भावना तथा आत्मनिर्भरता का विकास करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन डॉ. मनोज मिश्रा, प्रभारी रोवर लीडर, श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोण्डा द्वारा किया गया। शिविर के अंतर्गत आगामी दिनों में विभिन्न प्रशिक्षण सत्र, अनुशासनात्मक गतिविधियाँ तथा सेवा-सम्बन्धी अभ्यास आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी तथा रोवर–रेंजर्स छात्र-छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।