पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Threat

विधायक प्रेम नरायन पाण्डेय को जान से मारने की दी गई धमकी से हड़कंप थाने में दी गई तहरीर

✍️ Admin 📅 08 August, 2026 ⏰ 02:42 PM 👁 225 views

  गोंडा। जिले की तरबगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेम नारायन पांडेय को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। विधायक के पुत्र विनोद कुमार पांडेय ने थाना तरबगंज में तहरीर देकर मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, विनोद कुमार पांडेय निवासी ग्राम रानीपुर थाना तरबगंज ने आरोप लगाया है कि बेलसर नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह निवासी सुनील सिंह द्वारा उनके पिता एवं तरबगंज विधायक प्रेम नारायन पांडेय को सरेआम जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि बातचीत के दौरान सुनील सिंह ने कथित तौर पर एक हजार गोलियां मारने की बात कही है।तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि सुनील सिंह द्वारा कुछ  लोगों को साथ लेकर विधायक की रेकी कर जान से मारने के लिए घेराबंदी की जा रही है। 

शिकायतकर्ता के मुताबिक धमकी भरी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग पेनड्राइव में सुरक्षित है, जिसमें आरोपी की आवाज और कथित आपराधिक मंशा स्पष्ट रूप से सुनी जा सकती है।
विनोद कुमार पांडेय ने तहरीर में कहा है कि इस घटना से उनके पिता विधायक प्रेम नारायण पांडेय और पूरे परिवार की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधि की हत्या की साजिश बताते हुए मामले की संवेदनशीलता और सुरक्षा खतरे को देखते हुए संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
तहरीर के साथ धमकी भरी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग वाली एक पेनड्राइव भी पुलिस को सौंपी गई है। शिकायत 7 अगस्त 2026 को थाना तरबगंज में दी गई। पुलिस ने सुनील सिंह सहित आठ से दस  अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है  तथा ऑडियो रिकॉर्डिंग की सत्यता की जांच में जुट गयी है।

📤 शेयर करें: