पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Theft

हड़ियागाड़ा कम्पोजिट विद्यालय में ताला तोड़कर दो गैस सिलेंडर हुए चोरी मिडडे मील प्रभावित

✍️ Admin 📅 24 August, 2026 ⏰ 05:38 PM 👁 53 views



बालपुर गोण्डा। बालपुर चौकी क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में चोरी करने वाले गिरोह का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब आये दिन स्कूलों के ताले टूट रहे हैं। पुलिस इन सभी वारदातों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। इससे विद्यालय स्टाफ में दहशत है और बच्चों का मिड-डे-मील कार्य बाधित हो गया है। गौरतलब है कि ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में रसोईघर को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
ताजा मामला कम्पोजिट विद्यालय हड़ियागाड़ा का है। यहां 23 अगस्त की रात में अज्ञात चोरों ने रसोईघर का ताला तोड़कर दो गैस सिलेंडर, बर्तन और मिड-डे-मील का पूरा सामान चोरी हो गया। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राम अनुज शुक्ला ने बालपुर चौकी पुलिस को तहरीर देकर चोरी गए सामान की बरामदगी और कार्रवाई की मांग की है।

बताया जाता है कि क्षेत्र में  यह कोई पहली घटना नहीं है। बालपुर चौकी क्षेत्र से सटे विकासखंड हलधरमऊ के ग्राम छिटनापुर स्थित जूनियर हाईस्कूल में 16-17 अगस्त की रात भी इसी अंदाज में रसोई का कुंडा काटकर गैस सिलेंडर चोरी हुआ था। प्रभारी प्रधानाध्यापक तेज प्रकाश सिंह ने 17 अगस्त को ही पुलिस और अधिकारियों को सूचना दी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 2 महीनों में बालपुर, छिटनापुर सहित आधा दर्जन से अधिक सरकारी विद्यालयों में चोरों ने सिर्फ रसोई, सिलेंडर और बर्तन को ही निशाना बनाया है। एक ही तरीका, एक ही समय -इससे साफ है कि यह कोई नशेड़ी नहीं बल्कि सरकारी स्कूलों को निशाना बनाने वाला संगठित गिरोह है।

लगातार चोरियों के बाद शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूलों में लाखों का सामान, बच्चों के खाने का सामान रखा है। रात में कोई गश्त नहीं, न चौकीदार, न सीसीटीवी। पुलिस सिर्फ कागजों में गश्त दिखाती है। पुलिस का हर बार एक ही जवाब तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। दो महीने में एक भी चोरी का खुलासा नहीं किया जा सका है। अब सवाल यह उठता है कि जब दिन में डायल यूपी 112 गश्त करती दिखती है तो रात में सरकारी स्कूल भगवान भरोसे क्यों छोड़ दिए जाते हैं।

बार-बार रसोई का सामान चोरी होने से प्रधानाध्यापक अपने पैसे से व्यवस्था कर रहे हैं, मिड-डे-मील बनना बंद हो रहा है और पठन-पाठन बाधित हो रहा है। ग्रामीणों ने एसपी गोंडा से मांग की है कि बालपुर चौकी क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, स्कूलों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर सख्त कार्रवाई की जाए, वरना ग्रामीण आंदोलन को बाध्य होंगे।

📤 शेयर करें: