1 से 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान सीएमओ ने दिखाई हरी झंडी
गोण्डा। जिले में 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर बच्चों द्वारा जन-जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण तथा जन-जागरूकता के लिए शपथ भी दिलाई गई।
अभियान के दौरान डेंगू, मलेरिया, जापानी इंसेफेलाइटिस, चिकनगुनिया सहित अन्य संचारी रोगों से बचाव के प्रति जनसामान्य को जागरूक किया जाएगा। इसके अंतर्गत स्वच्छता, जलभराव की रोकथाम, मच्छरों के प्रजनन स्थलों का उन्मूलन, नालियों की साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल एवं व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जाएगा।
संबंधित विभागों के समन्वय से फॉगिंग, एंटी-लार्वा गतिविधियां, साफ-सफाई एवं जलभराव वाले स्थानों का निराकरण सहित विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बुखार रोगियों की पहचान, जांच, उपचार एवं आवश्यकतानुसार रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। अभियान का उद्देश्य अंतरविभागीय समन्वय एवं जनसहभागिता के माध्यम से संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण सुनिश्चित करना है।