पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Project

जिले के 1400 से अधिक उपभोक्ता पीएम सूर्यघर योजना का उठा चुके हैं लाभ

✍️ Admin 📅 23 January, 2026 ⏰ 07:13 PM 👁 67 views




गोण्डा 23 जनवरी,2026*।
जिला पंचायत सभागार में मुख्य विकास अधिकारी  अंकिता जैन की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य जनपद में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना, आमजन को सोलर संयंत्र स्थापना हेतु अधिक से अधिक जागरूक करना तथा निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराना रहा।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि जिन उपभोक्ताओं द्वारा पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत आवेदन किया जा चुका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जाए, जिससे सोलर संयंत्र स्थापना की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि यह योजना आम नागरिकों को न केवल बिजली बिल से राहत प्रदान कर रही है, बल्कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा दे रही है।

बैठक में नेडा (नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण), विद्युत विभाग, विभिन्न बैंकों के अधिकारी, अधिकृत वेंडर तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय स्थापित कर योजना के प्रचार-प्रसार को और अधिक गति देने पर बल दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गांव-गांव और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी दी जाए।
बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में अब तक 1400 से अधिक उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठा चुके हैं। 
इस योजना के अंतर्गत प्रति किलोवाट सोलर संयंत्र की लागत लगभग 55,000 से 60,000 रुपये आती है, जिसमें केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार अधिकतम सब्सिडी की सुविधा उपलब्ध है। सब्सिडी प्राप्त होने के उपरांत उपभोक्ताओं पर आर्थिक भार अत्यंत कम हो जाता है। एक बार सयंत्र लगने के बाद 25 साल की इसकी आयु होती है तथा 3 साल में इसकी लागत निकल आती है। शेष 20 से 22 वर्ष निःशुल्क उत्पादन होता है।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि यह योजना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और जनपद को इसमें अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। बैठक के अंत में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद के लक्ष्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

📤 शेयर करें: