मिशन शक्ति अभियान 5 के तहत पुलिस ने विद्यालय में चलाया जागरूकता अभियान
कर्नलगंज गोण्डा। उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देशन में शनिवार को थाना कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान 5.0 (तृतीय चरण) के अंतर्गत एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र प्रताप राय के नेतृत्व में टीम प्राथमिक विद्यालय गोनवा पहुंची, जहां छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं ग्रामीणों को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण एवं साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने शासन द्वारा प्रत्येक थाने पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र की जानकारी देते हुए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों 112 (आपातकालीन सहायता), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता/घरेलू हिंसा) तथा 1930 (साइबर हेल्पलाइन) के बारे में बताया। साथ ही जरूरत पड़ने पर तत्काल इन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की गई। विद्यालय में बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में जागरूक किया गया। वहीं स्कूल न जाने वाले बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने, अज्ञात कॉल या संदेशों पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने, बैंकिंग व डिजिटल धोखाधड़ी से बचने, सोशल मीडिया पर गोपनीयता बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान केवल महिला सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं को आर्थिक, सामाजिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर बनाने का भी उद्देश्य रखता है। इस अवसर पर उपनिरीक्षक खुशबू श्रीवास्तव, कांस्टेबल अमित कुमार, महिला कांस्टेबल पारुल एवं महिला कांस्टेबल निधि वर्मा मौजूद रहीं।