घर में घुसकर मारपीट एवं आगजनी मामले में पुलिस ने नहीं दर्ज की एफआईआर
गोंडा। जिले के कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के ग्राम हीरापुर शाहपुर में घर में घुसकर मारपीट और आगजनी किए जाने का गंभीर मामले में पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है और आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित अशोक और उनके परिजनों का आरोप है कि घटना की शिकायत करने के बावजूद मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि क्षेत्र के हल्का दरोगा मिर्ज़ा वहीद बेग उन पर सुलह-समझौते का दबाव बना रहे हैं। पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि दरोगा द्वारा आरोपियों से सांठ-गांठ कर अशोक को छेड़खानी के एक कथित फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की साजिश रची जा रही है।
अशोक का कहना है कि उन्होंने घटना से संबंधित प्रार्थना पत्र पुलिस को दिया था, लेकिन उस पर कार्रवाई करने के बजाय दरोगा द्वारा फर्जी जांच रिपोर्ट लगाकर उच्चाधिकारियों को गुमराह किया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने यह भी आशंका जताई है कि उन्हें और उनके परिजनों को जान-माल का खतरा है। उनका आरोप है कि दरोगा द्वारा आए दिन फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। इस पूरे मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उन्हें न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ित परिवार के साथ किसी बड़ी घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।