डीएम ने की निराश्रित गोवंश संरक्षण एवं खेल विकास समितियों की समीक्षा बैठक
गोण्डा 29 जून,2026*।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में निराश्रित गोवंश संरक्षण समिति तथा खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों समितियों से संबंधित योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
*गोवंश संरक्षण को लेकर दिए आवश्यक निर्देश*
बैठक में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण, उनके समुचित रखरखाव तथा गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी गौ आश्रय स्थलों पर चारा, पेयजल, चिकित्सा एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंशों के संरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी की जाए।
*खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर दिया जोर*
खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा खेल सुविधाओं के विकास पर विशेष बल दिया। उन्होंने क्षेत्रीय खेल अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से उभरती खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन एवं खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए शासन की मंशानुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्रीय खेल अधिकारी, एबीएसए राम खेलावन सिंह, ताइक्वांडो खेल सचिव प्रत्यूष सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।