पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Inspection

सीडीओ ने बाढ़ प्रभावित गांवों का किया निरीक्षण ग्रामीणों को हरसंभव मदद का आश्वासन

✍️ Admin 📅 18 August, 2026 ⏰ 06:07 PM 👁 60 views




गोण्डा 18 अगस्त,2026*।
तहसील तरबगंज अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम ऐलीपरसौली सहित अन्य प्रभावित गांवों का जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, उपजिलाधिकारी तरबगंज एवं जिला आपदा विशेषज्ञ ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन सभी मजरों की स्थिति का जायजा लिया, जहां बाढ़ का पानी पहुंच गया है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रभावित ग्रामीणों को तत्काल लंच पैकेट, राशन किट तथा आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव से जुड़ी व्यवस्थाओं को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरतमंद परिवारों तक समय से सहायता पहुंच सके।

मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखें और ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में ग्रामीणों के साथ-साथ पशुधन की सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए समय से भूसा एवं अन्य आवश्यक चारे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे पशुपालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों को राहत सामग्री के वितरण में पारदर्शिता और तत्परता बनाए रखने तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित गांवों में स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि आवश्यक सहायता समय से उपलब्ध कराई जा सके।

📤 शेयर करें: