पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Inspection

धान की पैदावार आंकलन हेतु डीएम ने ग्राम गिलौली में किया क्रॉप कटिंग का निरीक्षण

✍️ Admin 📅 28 October, 2026 ⏰ 05:52 PM 👁 39 views



गोण्डा 28 अक्टूबर 2026*। 
सदर तहसील अंतर्गत ग्राम गिलौली में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में धान की पैदावार का आकलन करने के उद्देश्य से चार किसानों के खेतों में क्रॉप कटिंग प्रयोग कराया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर धान की कटाई कर उपज का परीक्षण कराया।

क्रॉप कटिंग के दौरान कृषक रमपता पत्नी वासुदेव के गाटा संख्या-172, क्षेत्रफल 43.30 वर्ग मीटर में 28.600 किलोग्राम, कृषक राम औतार पुत्र राम अवध के गाटा संख्या-252, क्षेत्रफल 43.30 वर्ग मीटर में 32.400 किलोग्राम, कृषक अर्जुन प्रसाद पुत्र बदलू के गाटा संख्या-253, क्षेत्रफल 43.30 वर्ग मीटर में 17.250 किलोग्राम तथा कृषक सुरेश कुमार पुत्र गंगा राम के गाटा संख्या-517, क्षेत्रफल 43.30 वर्ग मीटर में 20.560 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी क्रॉप कटिंग प्रयोग पारदर्शी ढंग से कराए जाएं ताकि जिले में धान की औसत उपज का सटीक आकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोग न केवल उत्पादन के सही मूल्यांकन में सहायक होते हैं बल्कि इससे किसानों को फसल बीमा योजना के अंतर्गत मिलने वाले लाभ की गणना भी अधिक सटीक रूप से की जा सकती है।
कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में कृषि उत्पादन की वास्तविक स्थिति का आंकलन कर किसानों के हित में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना था।

इस अवसर पर तहसीलदार सदर मनीष कुमार, नायब तहसीलदार शिवली सिंह, अपर सांख्यिकीय अधिकारी योगेंद्र प्रसाद चौहान संबंधित ग्राम के लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, ग्राम प्रधान तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

📤 शेयर करें: