मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम के मद्देनजर विधायक एवं सीडीओ ने किया स्थलीय निरीक्षण
गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार शाम जिले का प्रशासनिक अमला सक्रिय नजर आया। तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय की अगुवाई में अधिकारियों की टीम ने कार्यक्रम स्थल के चयन के लिए नवाबगंज थाने के निकट निरीक्षण किया। इसके साथ ही टीम ने भोपतपुर गांव में स्थित एक मैदान का भी जायजा लिया।
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री का कार्यक्रम एक-दो दिनों में प्रस्तावित हो सकता है। इस कार्यक्रम में तरबगंज और मनकापुर विधानसभा क्षेत्रों के लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। कार्यक्रम की तिथि और स्थल को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी , एसडीएम सविता शुक्ला, तहसीलदार आशुतोष पांडेय, नवाबगंज थाना प्रभारी मृत्युंजय सिंह, उपनिरीक्षक पंकज यादव, कानूनगो परशुराम मिश्रा, लेखपाल ओपी वर्मा सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने संभावित स्थलों की स्थिति का जायजा लेकर कार्यक्रम के आयोजन के लिहाज से उनकी उपयुक्तता का आकलन किया।