सर्राफा व्यवसाई से असलहे की नोक पर लाखों की लूट मामले में पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
गोंडा। जनपद के कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई दुस्साहसिक लूट की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बेखौफ बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी को निशाना बनाते हुए कनपटी पर तमंचा सटाकर लाखों रुपये के जेवर और नगदी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
सूचना के मुताबिक कर्नलगंज कस्बा निवासी राजन सोनी पुत्र सीताराम सोनी, जिनकी ज्वैलरी की दुकान नारायनपुर मांझा स्थित सम्मय थान चौराहे पर है। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे अपने घर से दुकान जा रहे थे। जैसे ही वह नारायनपुर मांझा रेलवे क्रॉसिंग पार कर खाटू श्याम मंदिर के आगे पहुंचे, तभी अपाची मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने व्यापारी की कनपटी पर अवैध तमंचा सटाकर उनका बैग छीन लिया। बैग में करीब 1 किलोग्राम चांदी, 40 ग्राम सोना और लगभग 40 हजार रुपये नगद रखा हुआ था। इसके अलावा बदमाश व्यापारी का मोबाइल फोन भी छीन ले गए।
घटना के दौरान जब पीड़ित ने विरोध करते हुए पीछा करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और तेज रफ्तार में फरार हो गए। बताया जा रहा है कि घटना से लगभग 10 मिनट पहले पीड़ित के मोबाइल नंबर 9026680858 पर एक कॉल भी आई थी, जिसे पुलिस जांच के दायरे में ले रही है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली कर्नलगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पीड़ित द्वारा थाने में लिखित तहरीर दे दी गई है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस लूट की वारदात ने स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। व्यस्त इलाके में इस तरह की घटना से कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस व उच्चाधिकारियों द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। घटना के सफल अनावरण हेतु एसओजी व सर्विलांस सहित पुलिस टीमों का गठन किया गया है। शीघ्र ही घटना का सफल अनावरण किया जाएगा। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा कब तक करती है और आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाने में कितनी सफलता हासिल करती है।