एलबीएस कालेज में स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु आनलाइन आवेदन आवेदन शुरू
गोण्डा 18 जुलाई। लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में वर्तमान सत्र के लिए एम.ए., एम.एससी. एवं एम.कॉम. प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
महाविद्यालय से निर्गत सूचना के अनुसार अभ्यर्थियों को सर्वप्रथम माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना होगा। इसके उपरांत वे महाविद्यालय की वेबसाइट www.lbsdc.org.in पर 18 जुलाई 2026 से 25 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
महाविद्यालय में कला संकाय के अंतर्गत हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, राजनीतिशास्त्र, मध्यकालीन इतिहास, भूगोल, रक्षा अध्ययन, समाजशास्त्र, मनोविज्ञान और शिक्षा शास्त्र में एम. ए. पाठ्यक्रम संचालित है।
एम.एससी. के अंतर्गत भौतिक विज्ञान, गणित, रसायन विज्ञान, प्राणि विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान में छात्र-छात्राएं प्रवेश हेतु आवेदन कर सकते हैं।
महाविद्यालय में एम. कॉम. पाठ्यक्रम के लिए भी प्रवेशार्थी छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपने पंचम/षष्ठम सेमेस्टर के अंकपत्र की प्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा। ऑनलाइन आवेदन पूर्ण होने के बाद आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी महाविद्यालय में जमा करने की आवश्यकता नहीं है।
इसके बाद परास्नातक की इन कक्षाओं में प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राएं महाविद्यालय की वेबसाइट का नियमित अवलोकन करते रहें। उन्हें प्रवेश के बारे में समस्त प्रामाणिक जानकारियाँ वेबसाइट पर मिलेंगी।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेन्द्र सिंह ने जानकारी दी कि यदि पंजीकरण अथवा ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई आती है, तो अभ्यर्थी महाविद्यालय के छात्रवृत्ति विभाग से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।