पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Dispute

डीपीओ एवं डीपीआरओ के बीच जुबानी जंग के मामले ने पकड़ा तूल 30 प्रतिशत कमीशन लेने का आरोप

✍️ Admin 📅 29 August, 2026 ⏰ 09:35 PM 👁 30 views



गोंडा। जिले में दो बड़े अधिकारियों के बीच फोन पर हुई गाली-गलौज का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी डीपीओ संजय कुमार ने जिला पंचायत राज अधिकारी डीपीआरओ गोवर्धन दास जैन को फोन पर गालियां दीं और 30 प्रतिशत कमीशन लेने का आरोप लगाया। मामला मीडिया में उछलने के बाद डीपीओ को शनिवार सुबह वीडियो जारी कर माफी मांगनी पड़ी।

सूचना के मुताबिक यह पूरा मामला झंझरी विकासखंड की इमलिया मिश्र ग्राम पंचायत में हुए भ्रष्टाचार की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत की जांच डीपीओ संजय कुमार कर रहे थे। 27 अगस्त को शिकायतकर्ता मुकेश तिवारी ने जांच की प्रगति जानने के लिए डीपीओ को फोन किया था। बातचीत के दौरान डीपीआरओ का जिक्र आने पर डीपीओ ने कथित तौर पर एक के बाद एक चार गालियां दीं और कहा कि डीपीआरओ 30 प्रतिशत कमीशन लेते हैं।

शुक्रवार को यह ऑडियो खबर विभिन्न न्यूज चैनलो में प्रकाशित/प्रसारित हुई तो हड़कंप मच गया। कार्रवाई की तलवार लटकती देख डीपीओ संजय कुमार ने शनिवार सुबह 10:20 बजे खुद वीडियो जारी किया।
वीडियो में उन्होंने कहा, "27 अगस्त को मेरे द्वारा एक शिकायतकर्ता से बातचीत के दौरान डीपीआरओ साहब के लिए असंसदीय और अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया गया था। मैं डीपीआरओ साहब और समस्त जिला प्रशासन से माफी मांगता हूं। मेरे द्वारा किए गए इस कृत्य की पुनरावृत्ति नहीं होगी। कृपया इसे मेरी पहली और आखिरी गलती मानकर माफ कर दें।"

अपनी सफाई में डीपीओ ने घरेलू समस्याओं के कारण तनाव और डिप्रेशन में होने की बात कही। उन्होंने कहा कि बार-बार फोन आने से परेशान होकर आवेश में ऐसे शब्द निकल गए।
फिलहाल यह वीडियो और ऑडियो पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और दोनों अधिकारियों के बीच की यह जुबानी जंग सुर्खियों में है।

📤 शेयर करें: